
1 मिनट ही रूकेगी रेलवे स्टेशनों ये ट्रेन, 1 अप्रैल से एक्सप्रेस की तरह दौड़ेगी
बुरहानपुर. भुसावल-कटनी पैसेंजर एक अप्रैल से पटरी पर एक्सप्रेस की तरह दौड़ती नजर आएगी। कोरोना संक्रमण का असर कम होने के बाद रेलवे ने बंद पड़ी पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू करने के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। दिन के समय पैसेंजर ट्रेन का स्टॉपेज होने से छोटे स्टेशनों की यात्रा करने वाले यात्रियों को फायदा होगा। यह ट्रेन मेमू होने से किराया और रफ्तार भी एक्सप्रेस ट्रेनों की तरह मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार भुसावल से कटनी व कटनी से भुसावल तक दौडऩे वाली पैसेंजर 11127/11128 का संचालन फिर से शुरू हो रहा है। एक अप्रैल को भुसावल से निकल कर यह ट्रेन डाउन पर दोपहर 12.10 बजे बुरहानपुर स्टेशन पर आएगी। जबकि अप की ट्रेन ३ अप्रैल को शाम करीब 6.30 बजे आएगी। यह ट्रेन मेमू होने से एक घंटा पहले ही यात्रियों को स्टेशन की खिड़की से टिकट मिलेगा। रेलवे की तरफ से कुछ छोटे स्टेशनों के स्टॉपेज को खत्म करने से पैसेंजर ट्रेन की स्पीड बढऩे के साथ ही स्टेशनों पर स्टॉपेज भी सिर्फ एक मिनट का ही रहेगा। टिकट का किराया भी एक्सप्रेस ट्रेन के सामान ही रहेगा। पैसेंजर ट्रेनों को एक्सप्रेस करने से यात्रियों का समय बचने के साथ ही रेलवे को आर्थिक लाभ होगा।
पैसेंजर की मांग कर रहे थे रहवासी
कोरोना के कारण रेलवे यातायात बंद होने के बाद से ही यात्री छोटे स्टेशनों की यात्राएं शुरू करने के लिए पैसेंजर ट्रेनों का संचालन करने की मांग कर रहे थे। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने भी बंद ट्रेनों का संचालन शुरू कर बुरहानपुर, नेपानगर के लिए स्टॉपेज की मांग पत्र रेलवे जीएम, डीआरएम से की थी।
असीर, चांदनी में नहीं रूकेगी ट्रेन
यह पैसेंजर ट्रेन एक्सप्रेस की तरह होने से छोटे स्टेशनों के स्टॉपेज को कम कर दिया गया है। भुसावल के बाद धूसखेड़ा, बुरहानपुर से लगे असीर, चांदनी स्टेशन पर भी ट्रेन का स्टॉपेज खत्म कर दिया गया है, जिससे ट्रेन सीधे बुरहानपुर से निकल कर नेपानगर स्टेशन पर ही रूकेगी। जबकि खंडवा का मांडवा स्टेशन को भी काट दिया गया है।
Published on:
10 Mar 2022, 3:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.