
mAadhaar App से आधार में बायोमेट्रिक फीचर लॉक किये जा सकते हैं। (PC: AI)
Aadhaar Biometric Lock Feature: आधार कार्ड से बढ़ रही धोखाधड़ी को कम करने के लिए सरकार ने बायोमेट्रिक लॉक सुविधा को शुरू किया था। इसके जरिए आधार कार्ड धारक अपने फिंगरप्रिंट, आईरिस और फेस ऑथेंटिकेशन को लॉक कर सकते हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अनुसार, लोग इस सुविधा का तेजी से इस्तेमाल कर रहे हैं और अब तक इसे 1.91 करोड़ से ज्यादा बार उपयोग किया जा चुका है।
एक बार बायोमेट्रिक लॉक होने के बाद इन फीचर्स का इस्तेमाल आधार सत्यापन के लिए नहीं किया जा सकता। जब जरूरत हो, तब आधार कार्डधारक इन्हें दोबारा अनलॉक कर सकते हैं। इससे कोई भी व्यक्ति आपकी अनुमति के बिना आपके आधार से बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं कर पाएगा।
यह सुविधा केवल उन्हीं आधार धारकों के लिए उपलब्ध है, जिनका मोबाइल नंबर आधार से रजिस्टर्ड है। यदि बायोमेट्रिक लॉक रहने के दौरान कोई व्यक्ति आधार नंबर के जरिए बायोमेट्रिक सत्यापन करने की कोशिश करता है, तो वह सफल नहीं होगा। ऐसे मामले में सिस्टम '330' एरर कोड दिखाता है, जिसका मतलब होता है कि बायोमेट्रिक जानकारी फिलहाल लॉक है।
आधार ऐप के जरिए इस सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है। इसके लिए ऐप में लॉगइन करने के बाद 6 अंकों का पिन डालें। इसके बाद होम स्क्रीन पर आधार कार्ड के नीचे दिखाई देने वाले 'Biometric Lock/Unlock' विकल्प पर क्लिक करें और पुष्टि करके बायोमेट्रिक लॉक कर दें। जब जरूरत हो, उसी विकल्प पर दोबारा क्लिक करके पुष्टि करें और बायोमेट्रिक अनलॉक कर लें।
इस सुविधा का उपयोग आधार ऐप के सिक्योरिटी सेक्शन से भी किया जा सकता है। इसके लिए ऐप में साइन इन करें, होम स्क्रीन पर मौजूद 'Security' टैब खोलें, फिर 'Biometric Lock/Unlock' विकल्प चुनें और पुष्टि करके बायोमेट्रिक लॉक कर दें। जब बायोमेट्रिक सत्यापन की जरूरत हो, तो इसी विकल्प पर जाकर इसे फिर से अनलॉक किया जा सकता है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने 18 जुलाई को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि आधार ऐप का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। अब तक इस ऐप को चार करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है। मंत्रालय का कहना है कि इससे यह भी पता चलता है कि लोग अपने आधार और उससे जुड़ी जानकारी की सुरक्षा को लेकर पहले से ज्यादा जागरूक हो रहे हैं।
Updated on:
20 Jul 2026 05:19 pm
Published on:
20 Jul 2026 05:19 pm
