
Gold Price: वैश्विक रुझानों के अनुरूप भारत में सोने की कीमत में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है। सोने में तेजी का सिलसिला जल्द थमने का नाम नहीं ले रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोना रोजाना नए रिकॉर्ड बना रहा है। शुक्रवार, 11 अप्रैल को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 3,192 रुपए की बढ़ोतरी के साथ 93,353 रुपए पर पहुंच गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के अनुसार, इससे पहले यह कीमत 90,161 रुपए थी। केवल सोना ही नहीं, चांदी भी तेजी से महंगी हो रही है। एक किलो चांदी 2,260 रुपए की बढ़त के साथ 92,929 रुपए तक पहुंच गई है।
1 अमेरिकी टैरिफ नीति और मंदी की आशंका:
अमेरिका द्वारा अपनाई गई नई टैरिफ पॉलिसी के चलते वैश्विक व्यापार युद्ध का खतरा बढ़ गया है। इससे वैश्विक आर्थिक मंदी की आशंका गहराई है। ऐसे समय में निवेशक पारंपरिक रूप से सुरक्षित माने जाने वाले सोने की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे इसकी मांग और कीमतें दोनों बढ़ रही हैं।
2 डॉलर के मुकाबले कमजोर रुपया:
भारतीय रुपया इस साल अब तक लगभग 4% गिर चुका है। चूंकि भारत अपने सोने की अधिकांश जरूरतें आयात के जरिए पूरी करता है, इसलिए कमजोर रुपया इंपोर्ट को महंगा बनाता है। इसका सीधा असर घरेलू बाजार में सोने की कीमतों पर पड़ा है।
3 शादी का मौसम और बढ़ती मांग:
देश में शादियों का मौसम शुरू हो रहा है, जिसके चलते सोने की मांग में भी भारी इजाफा हुआ है। दिल्ली, मुंबई और चेन्नई जैसे शहरों के ज्वैलर्स का कहना है कि ऊंची कीमतों के बावजूद ग्राहक गहनों की खरीदारी कर रहे हैं क्योंकि सोना न केवल आभूषण बल्कि निवेश और समृद्धि का प्रतीक भी माना जाता है।
दिल्ली: 22 कैरेट – 87,600 रुपए, 24 कैरेट – 95,555 रुपए
मुंबई: 22 कैरेट – 87,450 रुपए, 24 कैरेट – 95,400 रुपए
कोलकाता: 22 कैरेट – 87,450 रुपए, 24 कैरेट – 95,400 रुपए
चेन्नई: 22 कैरेट – 87,450 रुपए, 24 कैरेट – 95,400 रुपए
1 जनवरी 2025 से अब तक 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए से बढ़कर 93,353 रुपए पर पहुंच गया है, यानी 22.57 रुपए की बढ़ोतरी। वहीं चांदी 86,017 रुपए प्रति किलो से बढ़कर 92,627 पर पहुंची है, जो 7% का इजाफा दर्शाता है। पिछले साल 2024 में सोने में 12,810 रुपए की वृद्धि हुई थी।
— हमेशा BIS हॉलमार्क वाला सोना ही खरीदें।
— ज्वैलर्स की विश्वसनीयता की जांच करें।
— मूल्य और मेकिंग चार्ज की स्पष्ट जानकारी लें।
— इनवॉइस लेना न भूलें।
— अगर निवेश के उद्देश्य से खरीद रहे हैं, तो गोल्ड बॉन्ड या ई-गोल्ड जैसे विकल्प भी समझें।
तेजी का यह सिलसिला अगर ऐसे ही जारी रहा, तो सोना जल्द ही 95,000 रुपए से ऊपर भी जा सकता है। निवेशकों और आम ग्राहकों के लिए यह समय सतर्कता और समझदारी से निर्णय लेने का है।
Updated on:
11 Apr 2025, 8:32 PM IST
Published on:
11 Apr 2025, 6:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.