
पोस्ट ऑफिस की किसान विकास पत्र स्कीम (PC: AI)
Kisan Vikas Patra calculator: अगर आप ऐसा निवेश विकल्प ढूंढ रहे हैं, जहां रिटर्न सुरक्षित भी हो और गारंटीड भी, तो पोस्ट ऑफिस की कुछ योजनाएं आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकती हैं। शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड जैसे निवेश साधनों में जहां उतार-चढ़ाव और जोखिम बना रहता है, वहीं कुछ सरकारी स्कीमें ऐसी हैं जो बिना बाजार जोखिम के तय रिटर्न देती हैं।
ऐसी ही एक लोकप्रिय स्कीम है किसान विकास पत्र (Kisan Vikas Patra-KVP)। इस योजना की सबसे खास बात यह है कि इसमें लगाया गया पैसा एक तय अवधि में दोगुना हो जाता है।
किसान विकास पत्र को भारतीय डाक विभाग ने 1988 में शुरू किया था। शुरुआत में यह योजना मुख्य रूप से किसानों के लिए लाई गई थी, लेकिन बाद में इसे सभी भारतीय नागरिकों के लिए खोल दिया गया। यह एक सुरक्षित स्मॉल सेविंग स्कीम है, जिसमें निवेशक को तय ब्याज दर के आधार पर मैच्योरिटी पर डबल रकम मिलती है। इसमें बाजार के उतार-चढ़ाव का कोई असर नहीं पड़ता, इसलिए यह उन लोगों के लिए बेहतर मानी जाती है जो पूंजी की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं।
इस योजना में कोई भी भारतीय नागरिक निवेश कर सकता है। इसके अलावा इसमें कई तरह के अकाउंट खोलने की सुविधा भी मिलती है। इस स्कीम में कोई भी वयस्क भारतीय नागरिक, तीन वयस्क मिलकर जॉइंट अकाउंट, नाबालिग के नाम पर अभिभावक, मानसिक रूप से असमर्थ व्यक्ति के नाम पर अभिभावक और 10 साल या उससे अधिक उम्र का नाबालिग खाता खुलवा सकता है।
किसान विकास पत्र में आपका पैसा कितनी अवधि में दोगुना होगा, यह सरकार द्वारा तय ब्याज दर पर निर्भर करता है। सरकार इस स्कीम की ब्याज दर हर तिमाही (3 महीने) में तय करती है। फिलहाल इस योजना पर 7.50% सालाना चक्रवृद्धि ब्याज दिया जा रहा है। इस ब्याज दर के हिसाब से पैसा डबल होने में 115 महीने यानी 9 साल 7 महीने लगेंगे। अगर आप आज 5 लाख रुपये यहां निवेश करते हैं, तो 9 साल 7 महीने बाद 10 लाख रुपये मिल सकते हैं।
इस स्कीम की एक और अच्छी बात यह है कि इसमें निवेश शुरू करने के लिए बहुत बड़ी रकम की जरूरत नहीं होती। यहां न्यूनतम निवेश 1,000 रुपये है। वहीं, अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है।
आमतौर पर किसान विकास पत्र एक लॉक-इन अवधि वाली योजना है, लेकिन कुछ विशेष परिस्थितियों में इसे प्रीमैच्योर (समय से पहले) बंद कराया जा सकता है। यह स्कीम समय से पहले इन स्थितियों में बंद की जा सकती है: सिंगल अकाउंट होल्डर की मृत्यु होने पर या जॉइंट अकाउंट में किसी एक या सभी खाताधारकों की मृत्यु होने पर। ऐसे मामलों में निर्धारित नियमों के अनुसार निवेश राशि वापस ली जा सकती है।
अगर आप इस योजना में निवेश करना चाहते हैं, तो इसकी प्रक्रिया काफी आसान है। आप पोस्ट ऑफिस या अधिकृत बैंक में जाकर आवेदन कर सकते हैं। सबसे पहले आपको पोस्ट ऑफिस या बैंक शाखा जाकर किसान विकास पत्र का आवेदन फॉर्म लेना होगा और उसे भरकर जमा करना होगा। पहचान और पते के प्रमाण के लिए आपको KYC दस्तावेज देने होंगे। इनमें पैन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हो सकते हैं। दस्तावेज सत्यापन के बाद आपको निवेश राशि जमा करनी होगी। अगर आप कैश में पैसा जमा करते हैं, तो आपको तुरंत KVP सर्टिफिकेट मिल सकता है। अगर भुगतान चेक या डिमांड ड्राफ्ट से किया गया है, तो सर्टिफिकेट कुछ समय बाद जारी किया जाता है। इस सर्टिफिकेट को सुरक्षित रखना बहुत जरूरी है, क्योंकि मैच्योरिटी पर रकम लेने के समय इसकी जरूरत पड़ती है।
Published on:
28 Mar 2026 05:28 pm
बड़ी खबरें
View Allकारोबार
ट्रेंडिंग
