
शेयर मार्केट
भारतीय शेयर बाजार में आज मंगलवार को भारी उतार चढ़ाव देखने को मिला है। डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान और इजराइल के बीच सीजफायर की घोषणा के बाद शेयर बाजार आज जबरदस्त तेजी के साथ खुला था। दोपहर के सत्र में सेंसेक्स करीब 1000 अंक से ज्यादा की बढ़त के साथ ट्रेड करता दिखाई दिया। लेकिन धीरे-धीरे बाजार ने अपनी सारी बढ़त खो दी। मंगलवार दोपहर इजराइल ने आरोप लगाया कि ईरान सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। इसके बाद उसने तेहरान पर स्ट्राइक के ऑर्डर भी दिए। इन खबरों के बीच निवेशकों ने तेजी से मुनाफावसूली की, जिससे मार्केट गिर गया।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स आज 0.19 फीसदी या 158 अंक की बढ़त के साथ 82,055 पर बंद हुआ है। कारोबार के दौरान यह अधिकतम 83,018.16 अंक तक गया था। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी 0.29 फीसदी या 72.45 अंक की बढ़त के साथ 25,044 पर बंद हुआ। कारोबारी सत्र में यह अधिकतम 25,317 अंक तक गया था।
सेंसेक्स पैक के शेयरों में आज सबसे अधिक तेजी अडानी पोर्ट्स में 2.58 फीसदी और टाटा स्टील में 1.54 फीसदी दर्ज हुई। इसके अलावा कोटक बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फिनसर्व, टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट, टाटा मोटर्स, जोमैटो, आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फाइनेंस भी हरे निशान पर बंद हुए। इससे इतर सबसे अधिक गिरावट पावरग्रिड और ट्रेंट में दर्ज हुई। एनटीपीसी, मारुति, एचसीएल टेक, बीईएल, रिलायंस, टेक महिंद्रा, एचयूएल, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, टीसीएस, आईटीसी और सनफार्मा के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सरकारी बैंकों के शेयरों में मंगलवार को सबसे अधिक तेजी दर्ज हुई। निफ्टी पीएसयू बैंक 1.40 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ है। इसके अलावा, निफ्टी ऑटो में 0.61 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी में 0.33 फीसदी, निफ्टी मेटल में 1.01 फीसदी, निफ्टी फार्मा में 0.21 फीसदी, निफ्टी प्राइवेट बैंक में 0.69 फीसदी, निफ्टी रियल्टी में 0.27 फीसदी, निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स में 0.29 फीसदी, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.66 फीसदी और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज एक्स-बैंक में 1.01 फीसदी की तेजी दर्ज हुई। इससे इतर निफ्टी आईटी में 0.06 फीसदी, निफ्टी मीडिया में 0.94 फीसदी और निफ्टी ऑयल एंड गैस में 0.05 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई।
Updated on:
24 Jun 2025 04:05 pm
Published on:
24 Jun 2025 04:04 pm
बड़ी खबरें
View Allकारोबार
ट्रेंडिंग
