18 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ताजमहल का दीदार हुआ महंगा, 5 गुना बढ़ी टिकट की कीमत

एएसआई ने ताजमहल का दीदार करने वाले पर्यटकों का झटका दिया है।

2 min read
Google source verification
Tajmahal

ताजमहल का दीदार हुआ महंगा, 5 गुना महंगी हुई टिकट

नई दिल्ली। दुनिया के सात अजूबों में शामिल प्यार की निशानी ताजमहल का हर कोई दीदार करना चाहता है। ताजमहल को देखने के लिए भारत के साथ-साथ पूरी दुनिया के पर्यटक आगरा पहुंचते हैं। लेकिन अब प्यार की इस निशानी को देखने के लिए पर्यटकों को जेब ज्यादा ढीली करनी होगी। भारतीय पुरात्तव सर्वेक्षण (एएसआई) ने ताजमहल की टिकट की दरों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के अनुसार, भारतीयों को अब 5 गुना ज्यादा रुपए खर्च करने होंगे। एएसआई की और से दरों में बढ़ोतरी के बाद ताजमहल की टिकट भारतीयों के लिए 250 रुपए और विदेशी पर्यटकों को 1300 रुपए खर्च करने होंगे। इसके साथ ही ताजमहल देश का सबसे महंगा स्मारक बन गया है।

खरीदनी होंगी दो टिकट

एएसआई की नई योजना के अनुसार, अब ताजमहल के दीदार करने के इच्छुक पर्यटकों को दो टिकटें खरीदनी होंगी। इसमें एक टिकट ताजमहल में प्रवेश और दूसरी टिकट मुख्य मकबरा के दर्शन करने के लिए होगी। नई दरों के अनुसार, ताजमहल में प्रवेश के लिए पर्यटकों को 50 रुपए और मुख्य मकबरे के दर्शन के लिए 200 रुपए की अलग टिकट खरीदनी होगा। इसके साथ ही ताजमहल पहला एेसा स्मारक बन गया है जहां पर्यटकों को दो टिकटें खरीदनी होंगी। टिकट की दरोँ में बढ़ोतरी के पीछे एएसआई का कहना है कि इसका मकसद पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को कम करना है। आपको बता दें अभी तक ताजमहल में एक ही टिकट खरीदनी होती है। भारतीय पर्यटकों के लिए यह 50 रुपए और विदेशी पर्यटकों के लिए 1100 रुपए में मिलती है।

2 साल में 12 गुना बढ़ी टिकट की कीमत

ताजमहल के दीदार करने वाले पर्यटकों की संख्या में हर साल बढ़ रही है। इस संख्या को कम करने के लिए एएसआई कई बार टिकट की दरों में बढ़ोतरी कर चुका है। बीते दो साल में ताजमहल की टिकटें 12 गुना महंगी हो गई हैं। दो साल पहले भारतीय पर्यटकों को 20 रुपए और विदेशी पर्यटकों को 250 रुपए में टिकट मिल जाया करती थी। आखिरी बार 47 दिन पहले टिकट की दरों में 5 से 10 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी। एएसआई के एक अधिकारी के अनुसार, अब पर्यटकों को मुख्य मकबरा देखने के लिए अलग से टिकट लेनी होगी। इसकी तारीखों की अभी घोषणा नहीं हुई है। हालांकि, मुख्य मकबरे के लिए अलग से टिकट खरीदने को लेकर एएसआई ने सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं।