
Mahindra XUV 700
देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी Mahindra ने हाल ही में घरेलू बाजार में अपनी नई स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल XUV700 को लॉन्च किया था। कंपनी ने बीते अगस्त महीने में इस एसयूवी से पर्दा उठाया और सितंबर महीने में इसके कीमतों की घोषणा करने के बाद अक्टूबर में इसकी बुकिंग शुरू की गई। इस एसयूवी ने बाजार में आते ही धूम मचा दी और जबरदस्त डिमांड के चलते इसका वेटिंग पीरियड तकरीबन 1.5 साल तक पहुंच गया है।
एक्सप्रेस ड्राइव्स में छपी रिपोर्ट के अनुसार XUV700 के कुछ वेरिएंट्स की डिलीवरी के लिए ग्राहकों को तकरीबन 75 हफ्तों तक का इंतज़ार करना पड़ सकता है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि इस एसयूवी को ग्राहकों की तरफ से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है, इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि अब तक इसके 70,000 यूनिट्स की बुकिंग की जा चुकी है, जिसमें से तकरीबन 50,000 यूनिट्स बुकिंग स्टार्ट होने के महज 3 घंटे के भीतर ही बुक हो गई थीं।
जानिए कितना है वेटिंग पीरियड:
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसके बेस मॉडल MX के पेट्रोल वेरिएंट के लिए आपको तकरीबन 25 से 27 सप्ताह और डीजल वेरिएंट के लिए 35 से 37 सप्ताह तक का इंतज़ार करना होगा। वहीं AX3 के पेट्रोल वेरिएंट के लिए 28 से 30 सप्ताह और डीजल के लिए 50 से 52 सप्ताह का वेटिंग पीरियड मिल रहा है। AX5 के पेट्रोल और डीजल दोनों मॉडल के लिए 51 सप्ताह से 52 हफ्तों का वेटिंग बताया जा रहा है। इसके अलावा AX7 वेरिएंट के लिए 65 से 75 सप्ताह तक का इंतज़ार करना होगा।
क्यों बढ़ा है वेटिंग पीरियड:
Mahindra XUV700 को कंपनी ने लंबे रिसर्च के बाद तैयार किया है, इसमें दिए जाने कई एडवांस फीचर्स ऐसे हैं जो कि आपको सेग्मेंट में पहली बार देखने को मिलेंगे। इसके अलावा इसकी बिल्ड क्वालिटी भी काफी शानदार है, ग्लोबल NCAP क्रैश टेस्ट में इसे 5 स्टार रेटिंग मिली है। बेहतर लुक, एडवांस फीचर्स और सीटिंग कैपिसिटी के चलते इस एसयूवी की डिमांड काफी ज्यादा है।
हालांकि केवल डिमांड ही वेटिंग पीरियड बढ़ने का कारण नहीं है, इसके पीछे विश्व बाजार में सेमी-कंडक्टर चीप कंपोनेंट की कमी और सप्लाई चेन भी एक प्रमुख कारण है। इस समस्या से देश के कई वाहन निर्माता कंपनियां जूझ रही हैं, इसका सीधा असर वाहन के प्रोडक्शन और डिलीवरी पर पड़ रहा है। शायद यही कारण है कि, महिंद्रा एक्सयूवी 700 के लिए ग्राहकों को लंबा इंतज़ार करना पड़ रहा है।
कैसी है नई Mahindra XUV 700:
कंपनी ने इस एसयूवी को पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन विकल्प के साथ पेश किया है। इसमें 2.0 लीटर की क्षमता का mStallion फोर सिलिंडर टर्बोचार्ज पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो कि 197 hp की पावर और 380 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। वहीं डीजल वेरिएंट में 2.2 लीटर की क्षमता का mHawk इंजन मिलता है, इसका बेस MX वेरिएंट 153 hp की पावर और 360 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। वहीं अन्य वेरिएंट्स 182 hp की पावर के साथ 420 Nm का टॉर्क प्रदान करते हैं।
ये सभी इंजन 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन गियरबॉक्स दिया गया है। वहीं डीजल का टॉप ऑटोमेटिक वेरिएंट ऑल व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ भी उपलब्ध है। इसकी कीमत 12.49 लाख रुपये से लेकर 22.99 लाख रुपये के बीच है। बाजार में ये एसयूवी मुख्य रूप से टाटा सफारी, हुंडई अल्कज़ार और एमजी हेक्टर प्लस जैसे मॉडलों को टक्कर देती है।
Updated on:
21 Dec 2021 03:17 pm
Published on:
21 Dec 2021 03:10 pm
बड़ी खबरें
View Allकार
ऑटोमोबाइल
ट्रेंडिंग
