
Maruti Suzuki Ertiga
Best Selling Cars In April: अप्रैल महीने के खत्म होने के साथ ही वाहन निर्माताओं ने पिछले महीने के बिक्री के रिपोर्टों को पेश करना शुरू कर दिया है। बीते अप्रैल महीने में वाहनों के बिक्री चार्ट में बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अब तक लिस्ट के टॉप सूचि में रहने वाली Alto और Swift जैसी कारें काफी पीछे हो गई हैं, इनकी जगह दूसरी कारों ने ले ली है। इसके अलावा मारुति सुजुकी की मशहूर एमपीवी Ertiga की बिक्री ने सबको चौंका दिया है, पेट्रोल और सीएनजी दोनों विकल्पों के साथ आने वाली इस कार को अप्रैल महीने में लोगों ने जमकर खरीदा है।
अप्रैल महीने में जहां कुछ वाहन निर्माता कंपनियों जैसे मारुति सुजुकी और हुंडई की की बिक्री में गिरावट देखने को मिला है, वहीं टाटा मोटर्स ने नए मॉडलों के चलते जबरदस्त रफ़्तार पकड़ी है। बहरहाल, आज हम आपको अपने इस लेख में अप्रैल महीने में बेचे जाने वाली टॉप 5 बेस्ट सेलिंग कारों के बारे में बताएंगे, जिन पर देश ने सबसे ज्यादा भरोसा जताया है, तो आइये देखें ये लिस्ट -
5. Maruti Brezza:
मारुति सुजुकी की मशहूर एसयूवी विटारा ब्रेजा बिक्री के मामले में पांचवे पोजिशन पर रही, कंपनी ने इस कार के कुल 11,764 यूनिट्स की बिक्री की है, जो कि पिछले साल के इसी महीने में 11,220 यूनिट्स थी। इस एसयूवी की बिक्री में मामूली 5% का इजाफा देखने को मिला है। फिलहाल मारुति ब्रेजा केवल पेट्रोल वेरिएंट में ही बिक्री के लिए उपलब्ध है और इसके फेसलिफ्ट पर कंपनी काम कर रही है। बताया जा रहा है कि इसे CNG वेरिएंट में भी पेश किया जा सकता है।
4. Hyundai Creta:
दक्षिण कोरिया की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी हुंडई की मिड-साइज़ एसयूवी क्रेटा देश की चौथी सबसे ज्यादा बेची जाने वाली वाहन बनी है। कंपनी ने इस एसयूवी के कुल 12,651 यूनिट्स की बिक्री की है, जो पिछले साल के अप्रैल महीने के महज 12,463 यूनिट्स के मुकाबले तकरीबन 2% ज्यादा है। क्रेटा की बिक्री में मामूली इजाफा देखने को मिला है, लेकिन ये अपने कई निकट्तम प्रतिद्वंदियों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करने में कामयाब रही है। इसके सेकेंड जेनरेशन मॉडल को साल 2020 में देश में लॉक डाउन लगने के कुछ दिनों पहले ही लॉन्च किया गया था। बीते कल कंपनी ने इसके डार्क नाइट एडिशन को लॉन्च किया है।
3. Tata Nexon:
टाटा मोटर्स की नेक्सॉन एसयूवी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है, बीते अप्रैल महीने में ये देश की तीसरे सबसे ज्यादा बेची जाने वाली पैसेंजर वाहन बनी है। कंपनी ने इस दौरान इस एसयूवी के कुल 13,471 यूनिट्स की बिक्री की है, जो कि पिछले साल के इसी महीने के महज 6,938 यूनिट्स के मुकाबले पूरे 94% ज्यादा है। टाटा नेक्सॉन की बिक्री ने जबरदस्त रफ़्तार पकड़ी है। कम कीमत, बेहतर लुक और 5 स्टार सेफ़्टी रेटिंग के चलते इस एसयूवी को खूब पसंद किया जा रहा है।
2. Maruti Ertiga:
मारुति सुजुकी की मशहूर एमपीवी अर्टिगा के नए फेसलिफ्ट मॉडल को हाल ही में लॉन्च किया गया है। ये देश की इकलौती ऐसी 7-सीटर एमपीवी कार है जो CNG किट के साथ भी बिक्री के लिए उपलब्ध है। इसकी बिक्री में सीएनजी वेरिएंट का बहुत बड़ा योगदान है और यही कारण है इस समय देश के कई शहरों में इसका वेटिंग पीरियड तकरीबन 8 महीनों तक पहुंच गया है। बीते अप्रैल महीने में इसके कुल 14,889 यूनिट्स की बिक्री की गई है जो कि साल 2021 के अप्रैल महीने के महज़ 8,644 यूनिट्स के मुकाबले पूरे 72% ज्यादा है।
1. Maruti Wagon R:
मारुति सुजुकी की टॉल ब्वॉय कही जाने वाली इस कार ने एक बार फिर से बिक्री के मामले में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। इसी के साथ ये देश की बेस्ट सेलिंग कार बनी है। इस दौरान कंपनी ने कुल 17,766 यूनिट्स की बिक्री की है, जो कि पिछले साल के इसी महीने के 18,656 यूनिट्स के मुकाबले थोड़ी कम है। कम कीमत, बेहतर माइलेज़ और स्पेस के चलते इस हैचबैक कार को ख़ासा पसंद किया जा रहा है।
Updated on:
05 May 2022 03:31 pm
Published on:
05 May 2022 03:27 pm
बड़ी खबरें
View Allकार
ऑटोमोबाइल
ट्रेंडिंग
