12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पेट्रोल प्राइस की टेंशन को कहिए गुडबाय! बाजार में मौजूद हैं बेस्ट माइलेज वाली ये CNG कारें, 7-सीटर एमपीवी का भी है ऑप्शन

Best CNG Cars in India: इस समय बाजार में कई बेहतरीन सीएनजी कारें मौजूद हैं, अब तक इस सेग्मेंट में केवल मारुति सुजुकी और हुंडई जैसे ब्रांड्स का दबदबा था लेकिन अब टाटा मोटर्स ने भी अपनी दो कारों को सीएनजी वेरिएंट में पेश कर दिया है।

8 min read
Google source verification
best_cng_cars_in_india-amp.jpg

Best Mileage CNG Cars In India

पेट्रोल की कीमतें देश भर में तकरीबन शतक के आंकडें को छू रही हैं। फैमिली और दोस्तों के साथ किसी आउट स्टेशन पर जाने से पहले लोगों को अपनी जेब टटोलनी पड़ रही है। यूं तो कंपनियां बेस्ट माइलेज वाली पेट्रोल कारों को पेश करने में लगी हैं, लेकिन इसकी कीमतों ने लोगों के बज़ट को बिगाड़ रखा है।

यदि आप भी कुछ इसी तरह की परेशानी से दो-चार हो रहे हैं तो आप पेट्रोल के बजाय सीएनजी कारों का चुनाव कर सकते हैं। आज हम आपको इस लेख में देश में मौजूदा उन सभी सीएनजी कारों के बारे में बताएंगे जो कि अपने बेस्ट माइलेज के लिए जानी जाती हैं। हमारी इस लिस्ट में 7-सीटर कार भी शामिल है, तो आइये एक नज़र डालते हैं इन कारों पर-


1)- Maruti Swift CNG:

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने हाल ही में घरेलू बाजार में अपने मशहूर हैचबैक कार मारुति स्विफ्ट (Maruti Swift) के नए सीएनजी वेरिएंट को पेश किया है। मारुति सुजुकी का दावा है कि ये सेग्मेंट में मौजूद सबसे पावरफुल सीएनजी हैचबैक कार है।

कंपनी ने नई मारुति सुजुकी स्विफ्ट सीएनजी को केवल दो वेरिएंट्स में पेश किया गया है, जिसमें वीएक्सआई और जेडएक्सआई ट्रिम में पेश किया गया है। यानी कि ये कार केवल मिड और टॉप वेरिएंट में बिक्री के लिए उपलब्ध है। इसके वीएक्सआई वेरिएंट की कीमत 7.77 लाख रुपये और जेडएक्सआई वेरिएंट की कीमत 8.45 लाख रुपये तय की गई है।


कंपनी ने इस कार में 1.2 लीटर की क्षमता का 4 सिलिंडर युक्त डुअल जेट वीवीटी पेट्रोले इंजन का इस्तेमाल किया है, जो कि एक नेचुरल एस्पायर्ड इंजन है। इस इंजन को कंपनी ने पेट्रोल और सीएनजी दोनों वर्जन पर चलने के लिए तैयार किया है। सीएनजी मोड में ये इंजन 76.5bhp की पावर और 98.5Nm का टॉर्क जेनरेट करता है वहीं पेट्रोल मोड में ये इंजन 87.8bhp की पावर और 113Nm का टॉर्क जेनरेट करता है।

कंपनी का दावा है कि मारुति सुजुकी स्विफ्ट का सीएनजी वेरिएंट 30.90 किलोमीटर प्रतिकिलोग्राम तक का माइलेज़ देती है। मारुति सुजुकी ने जंग लगने और शॉर्ट सर्किट से बचाने के लिए इस कार में कुछ सुधार किए हैं, औेर इसमें स्टेनलेस स्टील पाइप और इंटिग्रेटेड वायरिंग हार्नेस का उपयोग किया है।


2)- Tata Tigor CNG:

टाटा मोटर्स ने हाल ही में अपनी मशहूर कॉम्पैक्ट सेडान कार Tigor के नए CNG वेरिएंट को पेश किया था, अब कंपनी ने इस सीएनजी लाइन-अप में नया किफायती XM वैरिएंट लॉन्च किया है। इस वेरिएंट की कीमत 7.40 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तय की गई है। वहीं इस कार के टॉप XZ और XZ+ वेरिएंट क्रमश: 7.90 लाख रुपये और 8.50 लाख रुपये में उपलब्ध हैं। इसमें कई बेहतर फीचर्स भी दिए गए हैं, जिसमें 4 स्पीकर सिस्टम के साथ हार्मन टीएम इंफोटेनमेंट सिस्टम, पावर विंडोज, सेंट्रल लॉकिंग, रियर पार्किंग सेंसर्स आदि शामिल हैं। न्यू टिगोर एक्सएम आईसीएनजी वैरिएंट ओपल वाइट, डेटोना ग्रे, एरिजोना ब्लू और डीप रेड कलर में बिक्री के लिए उपलब्ध है।

टाटा मोटर्स ने अपनी इस कार में 1.2 लीटर की क्षमता का थ्री-सिलिंडर युक्त पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल किया है जो कि 72bhp की पावर और 95Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इस इंजन को 5-ट्रांसमिशन मैनुअल गियरबॉक्स के साथ लैस किया गया है। कंपनी का दावा है कि ये कार 26.49 किलोमीटर प्रतिकिलोग्राम का माइलेज देती है। बता दें कि, सीएनजी को किलोग्राम में ही मापा जाता है।


3)- Maruti Dzire CNG:

देश की बेस्ट सेलिंग सेडान कार डिज़ायर को सेग्मेंट में सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। कुल चार ट्रिम में आने वाली इस कार का VXi और ZXi वेरिएंट कंपनी फिटेड सीएनजी के साथ आता है। इसमें कंपनी ने 1.2 लीटर की क्षमता का डुअल-जेट पेट्रोल इंजन इस्तेमाल किया है जो कि 5 स्पीड मैनुअल और वैकल्पिक ऑटोमेटिक गियरबॉक्स के साथ आता है। इसका पेट्रोल वेरिएंट 23 किलोमीटर तक का माइलेज देता है वहीं सीएनजी वेरिएंट सेग्मेंट में सबसे ज्यादा माइलेज के लिए मशहूर है।

फीचर्स के तौर पर इस कार में क्रूज कंट्रोल, ऑटोमैटिक एलईडी हेडलाइट्स, ऑटो-फोल्डिंग ओआरवीएम, पुश-बटन इंजन स्टार्ट/स्टॉप और ऑटो एसी के साथ रियर वेंट्स दिए गए हैं। Android Auto और Apple CarPlay के साथ 7-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 4.2-इंच मल्टी-कलर MID इसे और भी ख़ास बनाता है। इसके सीएनजी वेरिएंट की कीमत 8.23 लाख से 8.91 लाख रुपये के बीच है।


4)- Maruti Eeco CNG:

मारुति सुजुकी की वैन के नाम से मशहूर एमपीवी कार Eeco इंडियन मार्केट में 5 सीटर और 7 सीटर लेआउट में उपलब्ध है। ये कार 3 कार्गो वेरिएंट के साथ 4 पैसेंजर और एक एम्बुलेंस वेरिएंट में आती है। कंपनी ने इसमें 1.2 लीटर की क्षमता का पेट्रोल इंजन इस्तेमाल किया है, जो कि 61.7bhp की पावर और 85Nm टॉर्क जनरेट करता है। ये इंजन 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन गियरबॉक्स के साथ आता है। पैसेंजर वेरिएंट्स की बात करें तो इसे चार वेरिएंट्स में पेश किया गया है, जिसमें 5-सीटर स्टैंडर्ड, 5-सीटर एसी, 5-सीटर एसी सीएनजी, और 7-सीटर स्टैंडर्ड वेरिएंट शामिल हैं।

फीचर्स की बात करें तो मारुति इको के सीएनजी वेरिएंट में इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकफोर्स डिस्ट्रीब्यूशन (EBD) के साथ एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS), सीट बेल्ट रिमाइंडर, रियर पार्किंग सेंसर, स्पीड अलर्ट सिस्टम जैसे फीचर्स मिलते हैं। हालांकि इसके सीएनजी वेरिएंट का पावर आउटपुट पेट्रोल के मुकाबले थोड़ी कम जरूर हो जाती है, जो कि 68PS की पावर जेनरेट करता है। इसके CNG वेरिएंट की कीमत: 5.94 लाख रुपये से शुरू होती है।


5)- Maruti Ertiga CNG:

ये देश की इकलौती 7-सीटर कार है जो कि CNG किट के साथ आती है। ये कार कुल चार वेरिएंट्स के साथ दो अलग-अलग सीटिंग लेआउट में उपलब्ध है। कंपनी ने इसमें 1.5 लीटर की क्षमता का पेट्रोल इंजन प्रयोग किया है, जो कि माइल्ड हाइब्रिड तकनीक के साथ आती है। इससे न केवल कार की परफॉर्मेंस बेहतर होती है बल्कि माइलेज़ भी ज्यादा मिलता है। इसका सीएनजी वेरिएंट 92PS की पावर और 122Nm का टॉर्क जेनरेट करता है।

मारुति अर्टिगा के CNG वेरिएंट की लोकप्रियता का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि देश के कुछ शहरों में इसका वेटिंग पीरियड 7 से 8 महीनों तक पहुंच गया है। फीचर्स के तौर पर इस कार में प्रोजेक्टर हेडलैंप, फॉग लैंप, LED टेल लैंप, 15 इंच व्हील, 7 इंच का इंफोटेंमेंट सिस्टम, पुश बटन स्टार्ट/स्टॉप, फ्रंट कप होल्डर, ऑटो क्लाइमेट कंटोल, रियर AC वेंट्स, रिवर्स पार्किंग कैमरा जैसी सुविधाएं मिलती हैं। सेफ़्टी के तौर पर इसमें डुअल फ्रंट एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकफोर्स डिस्ट्रीब्यूशन (EBD) के साथ एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS), ब्रेक एसिस्ट, इमरजेंसी स्टॉप सिग्नल, जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसकी कीमत 10.44 लाख रुपये से लेकर 11.54 लाख रुपये के बीच है।


6)- Tata Tiago CNG:

टाटा ने सीएनजी मार्केट में एंट्री करते हुए अपनी सबसे किफायती हैचबैक टिएगो को भी सीएनजी किट के साथ पेश किया है। इस कार में कंपनी ने 1.2 लीटर की क्षमता का 3 सिलिंडर युक्त रेवोट्रॉन पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल किया है। ये इंजन सामान्य तौर पर 86hp की पावर और 113Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। वहीं सीएनजी मोड में इस इंजन का परफार्मेंस थोड़ा कम हो जाता है और ये तकरीबन 73hp की पावर और 95Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इससे ये साफ है कि पेट्रोल और सीएनजी के बीच 13hp का अंतर देखने को मिल रहा है। इसके अलावा कार का वजन भी तकरीबन 1 कुंतल (100 किलोग्राम) तक बढ़ गया है।

इस इंजन में 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन गियरबॉक्स का इस्तेमाल किया गया है, और सबसे ख़ास बात ये है कि इन कारों को सीधे (डायरेक्टली) CNG मोड में ही स्टार्ट किया जा सकता है। ये तकनीक बाजार में कोई और कंपनी इस्तेमाल नहीं कर रही है, अन्य कपंनियों के मॉडलों को स्टार्ट होने के लिए पेट्रोल मोड में ही रखना पड़ता है। ये कार कुल तीन वेरिएंट्स एक्सई, एक्सएम, एक्सटी में आती है, इसकी कीमत 6.30 लाख रुपये से लेकर 6.90 लाख रुपये के बीच है। सामान्य तौर पर ये कार 26 किलोमीटर तक का माइलेज देती है।


7)- Maruti Celerio CNG:

नई Maruti Celerio को कंपनी के फीफ्थ-जेनरेशन हार्टेक्ट प्लेटफॉर्म पर तैयार किया है। इसमें ड्यूल फ्रंट एयरबैग, ईबीडी के साथ एबीएस और ब्रेक असिस्ट, सेगमेंट-फर्स्ट हिल-होल्ड असिस्ट आदि सहित कई बेहतरीन सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं। इस कार को कुल 6 रंगों के साथ पेश किया गया है, जिसमें दो नए रंग - फायर रेड और स्पीडी ब्लू शामिल हैं। अन्य कलर्स में आपको सिल्की सिल्वर, ग्लिस्टरिंग ग्रे, आर्कटिक व्हाइट और कैफीन ब्राउन मिलता है।

कंपनी इस कार में 1.2-लीटर की क्षमता का K12N पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल कर रही है जो कि ड्यूलजेट, डुअल VVT तकनीक से लैस है। ये इंजन 5-स्पीड मैनुअल और ऑटोमेटिक गियरबॉक्स के साथ आता है और 65hp की पावर और 89 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इसका सीएनजी वेरिएंट 35.60 किलोमीटर प्रतिकिलोग्राम तक का माइलेज देती है। इस कार में 313 लीटर की क्षमता का लगेज स्पेस मिलता है, जो कि पिछले मॉडल के मुकाबले पूरे 40% ज्यादा है। इसका सीएनजी मॉडल केवल एक ही वेरिएंट में आता है जिसकी कीमत 6.69 लाख रुपये तय की गई है।


8)- Maruti Wagon R CNG:

मारुति सुजुकी की टॉल ब्वॉय कही जाने वाली वैगनआर के अपडेटेड मॉडल को इसी साल बाजार में उतारा गया है। यूं तो कंपनी ने इस कार को दो अलग-अलग पेट्रोल इंजन (1-लीटर और 1.2-लीटर) के साथ पेश किया है, लेकिन इसका सीएनजी वेरिएंट केवल 1 लीटर इंजन के साथ आता है। जो कि 57PS की पावर और 82.1Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। कंपनी का दावा है कि ये कार 34.05 किलोमीटर प्रति किलोग्राम तक का माइलेज देती है। इस इंजन को 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।

मारुति वैगनआर में 4-स्पीकर म्यूजिक सिस्टम, एक 7-इंच टचस्क्रीन सिस्टम, स्टीयरिंग-माउंटेड ऑडियो और कॉलिंग कंट्रोल्स और 14-इंच अलॉय व्हील्स जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा इस कार में सेफ़्टी का भी बखूबी ख़्याल रखा गया है। इसका सेफ्टी किट हिल-होल्ड असिस्ट (केवल एएमटी वेरिएंट के लिए), डुअल फ्रंट एयरबैग, एबीएस के साथ ईबीडी और रियर पार्किंग सेंसर से लैस है। इसका सीएनजी मॉडल केवल दो वेरिएंट्स एलएक्सआई और वीएक्सआई में उपलब्ध है, जिसकी कीमत क्रमश: 6.43 लाख रुपये और 6.86 लाख रुपये है।


9)- Maruti Alto CNG:

ये देश की सबसे सस्ती सीएनजी कार है, कंपनी जल्द ही इसके नेक्स्ट जेनरेशन मॉडल को बाजार में लॉन्च करने जा रही है जो कि मौजूदा मॉडल के साथ ही बेची जाएगी। इस कार में कंपनी 0.8 लीटर की क्षमता का थ्री-सिलिंडर युक्त पेट्रोल इंजन दिया है, जो कि कंपनी फिटेड सीएनजी किट के साथ आता है। इसका सीएनजी वेरिएंट 41PS की पावर और 60Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। ये इंजन 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन गियरबॉक्स से लैस है और कंपनी का दावा है कि ये कार 31.59 किलोमीटर तक का माइलेज देती है।

जहां तक फीचर्स की बात है तो इस कार के टॉप-स्पेक ट्रिम में एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कारप्ले के साथ 7-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। इस हैचबैक में कीलेस एंट्री और फ्रंट पावर विंडो भी दिया गया है। इस कार में सेफ़्टी के तौर पर डुअल फ्रंट एयरबैग, रियर पार्किंग सेंसर, स्पीड अलर्ट सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकफोर्स डिस्ट्रीब्यूशन (EBD) के साथ एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके सीएनजी वेरिएंट की कीमत 5.03 लाख रुपये से शुरू होती है।