Volkswagen Virtus कुल दो इंजन विकल्प के साथ ही दो ट्रिम में उपलब्ध है, कंपनी ने इस सेडान कार में एक्टिव सिलिंडर टेक्नोलॉजी का भी इस्तेमाल किया है, ताकि कार के माइलेज को बेहतर बनाया जा सके।
जर्मनी की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी Volkswagen ने हाल ही में भारतीय बाजार में अपनी नई सेडान कार Virtus को लॉन्च किया था। अपने सेग्मेंट में लोग इस कार को काफी पसंद भी कर रहे हैं, लेकिन गुजरात के एक डीलरशिप ने एक ही दिन में इस सेडान कार के इतने यूनिट्स की डिलीवरी कर दी है कि डीलरशिप का नाम एशिया बुक ऑफ रिकॉर्डस में दर्ज हो गया है।
गुजरात में ग्रुप लैंडमार्क के स्वामित्व वाली Volkswagen डीलरशिप ने एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (एबीआर) और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (आईबीआर) में 'एक दिन में एक डीलर द्वारा बेचे जाने वाले अधिकतम सिंगल मॉडल वोक्सवैगन वाहन' के लिए अपना नाम दर्ज कराया है।
बता दें कि, पूरे देश में नए Volkswagen Virtus की डिलीवरी पिछले महीने शुरू हुई थी। डिलीवरी के पहले दिन, 21 जून को, कंपनी ने पूरे गुजरात में इस सेडान की 165 से अधिक यूनिट्स की डिलीवरी की और ये रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। ये सेडान कार डायनेमिक और परफॉर्मेंस ट्रिम्स में उपलब्ध है, जिसमें डायनेमिक मॉडल में 1.0-लीटर TSI पेट्रोल इंजन मिलता है जबकि परफॉर्मेंस वेरिएंट में कंपनी ने 1.5-लीटर की क्षमता का पेट्रोल इंजन दिया गया है। ये इंजन मैनुअल, ऑटोमेटिक और 7-स्पीड डीसीटी ट्रांसमिशन गियरबॉक्स के साथ आता है।
इसका 1.0 लीटर टीएसआई इंजन 114 bhp की पावर और 178 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। वहीं 1.5-लीटर टीएसआई इंजन 147 bhp की पावर और 250 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। कंपनी ने इसमें एक्टिव सिलिंडर टेक्नोलॉजी का भी इस्तेमाल किया है, ताकि कार के माइलेज को बेहतर बनाया जा सके।
कंपनी ने इस कार को कई एडवांस फीचर्स से लैस किया है। इसमें वायरलैस एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कारप्ले, पुश-बटन स्टार्ट / स्टॉप और पूरी तरह से डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले के साथ 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है। इसके अलावा, इसमें सिंगल-पैन सनरूफ, कनेक्टेड कार टेक, वायरलेस फोन चार्जर, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और रेन-सेंसिंग वाइपर्स भी दिए गए हैं। सेफ़्टी के लिहाज से कंपनी ने इस कार को 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल होल्ड असिस्ट, आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट एंकरेज और रियर पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स से लैस किया है।
कीमत और माइलेज:
ये कार कुल 6 रंगों में उपलब्ध है, जिसमें वाइल्ड चेरी रेड, कार्बन स्टील ग्रे, रिफ्लेक्स सिल्वर, करकुमा येलो, कैंडी व्हाइट और राइजिंग ब्लू कलर शामिल हैं। इस कार की कीमत 11.22 लाख रुपये से लेकर 17.92 लाख रुपये के बीच है और सामान्य तौर पर ये सेडान कार 19 किलोमीटर प्रतिलीटर तक का माइलेज देती है। बाजार में ये कार मुख्य रूप से होंडा सिटी, मारुति सुजुकी सियाज, हुंडई वरना जैसी कारों को टक्कर देती है।