
अस्पताल में भर्ती पीड़िता से घटना की जानकारी लेते सीओ अनिरुद्ध सिंह
चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र के उतरौत गावं में अपने भाई के साथ दुकान पर बैठी युवती का वीडियो बना रहे दबंगों का विरोध करना युवती और उसके भाई को भारी पड़ गया। विरोध करने से नाराज दबंगों ने युवती के ऊपर कढ़ाई में रखा गर्म तेल फेंक दिया। साथ ही युवती के भाई को भी मारा पीटा। यही नहीं दबंगों का मन इतने से नहीं भरा तो दुकान में रखा सारा सामान बिखेर कर मौके से फरार हो गए।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने भी युवती और उसके भाई को खरी-खोटी सुनाई और बिना अस्पताल में भर्ती कराये वापस लौट गयी। ग्रामीणों के सहयोग से युवती और उसके भाई को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी होते ही सीओ मौके पर पहुंचे और पीड़िता से घटना कि जानकारी ली। मामले में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि 2 लोग फरार बताए जा रहे हैं । घटना में शामिल एक आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है।
युवती का वीडियो बना रहे थे युवक
दरअसल, बबुरी थाना क्षेत्र के उतरौत गांव में 21 वर्षीय मधु के भाई की चाय समोसे की दुकान है। सोमवार की देर शाम अपने भाई के साथ वह भी दुकान पर बैठी थी। तभी गांव के ही कुछ युवक दुकान पर पहुंचते हैं और दुकान पर बैठी मधु का वीडियो बनाने लगते हैं। इस दौरान मधु की नजर वीडियो बना रहे युवक पर पड़ी तो मधु ने उस युवक को रोका तो वह आग बबूला हो गया। इस बात का मधु के भाई ने भी विरोध किया।
विरोध करने पर फेका गर्म तेल
इसी बात को लेकर चारों युवक नाराज हो गए और दुकान में चूल्हे पर कढ़ाई में रखा गर्म तेल मधु के ऊपर फेंक दिया। जिससे मधु का दोनों पैर झुलस गया। इस दौरान चारों युवकों ने मधु के भाई की भी पिटाई कर दी और दुकान में रखा सारा सामान बिखेर कर मौके से फरार हो गए। गर्म तेल से झुलसने के कारण मधु चिल्लाने लगी। बड़ी संख्या में मौके पर ग्रामीण भी इकट्ठे हो गए। इस दौरान सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को संयुक्त जिला चिकित्सालय चकिया पहुंचाया गया। जहां उपचार के बाद बर्न वार्ड में मधु को रेफर कर दिया गया है।
पीड़िता ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
वही पीड़िता मधु ने पुलिसवालों पर आरोप लगाया कि सूचना पाकर जब पुलिस वाले मौके पर पहुंची तो उनकी मदद करने के बजाय उल्टा उन्हें ही अपशब्द कहने लगे। यही नहीं पुलिस कर्मी बिना कोई कार्यवाई किये मौके से वापस चले गए। आसपास के लोगो की मदद से 108 एम्बुलेंस से हम लोग जिला अस्पताल पहुंचे। काफी देर बाद जब अस्पताल में सीओ साहब आये तब पुलिस कर्मी नजर आये। बबुरी पुलिस का रवैया हम पीड़ितों के प्रति ठीक नहीं था।
दो आरोपी गिरफ्तार, दो फरार एक आरोपी है नाबालिक
घटना की जानकारी होते ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के सीओ अनिरुद्ध सिंह संयुक्त जिला चिकित्सालय चकिया पहुंचे। जहां पर उन्होंने पीड़िता और उसके परिवार वालों से पूरे घटना की जानकारी ली। इस दौरान सीओ अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि फोटो खींचने को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान युवकों ने लड़की के ऊपर गर्म तेल फेंक दिया। जिससे लड़की झुलस गई। उसके दोनों पैर झुलस गए हैं। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि दो फरार है उन्हें भी जल्द पकड़ लिया जाएगा। इसमें एक युवक नाबालिग है। जिसकी उम्र 14 से 15 साल है।
Published on:
21 Mar 2023 10:53 am
बड़ी खबरें
View Allचंदौली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
