26 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मोदी ने पीएम बनने से पहले रेवाड़ी में किया था OROP का वादा

राज्य में करीब सवा लाख पूर्व सैनिकों को मिलेगा लाभ, रक्षा राज्य मंत्री राव इंद्रजीत ने उठाया था जोर-शोर से मुद्दा

2 min read
Google source verification

image

Yuvraj Singh Jadon

Sep 05, 2015

one rank one pension

one rank one pension

चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा दौरे से कुछ घंटे पहले हरियाणा में ही किए गए वन रैंक-वन पेंशन के वादे को पूरा कर दिया है। मोदी की इस घोषणा से हरियाणा में करीब सवा लाख पूर्व सैनिकों को लाभ मिलेगा। ओआरओपी की मांग को लेकर दिल्ली में संघर्ष करने वाले पूर्व सैनिकों में अधिकतर संख्या हरियाणा की ही रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित होने के बाद पहली बार हरियाणा के रेवाड़ी में आयोजित की गई पहली चुनावी रैली के दौरान भाजपा के सत्ता में आने के बाद ओआरओपी लागू किए जाने की घोषणा की थी। भारतीय सेना में 11.2 फीसदी सैनिक हरियाणा से हैं। इस अनुपात के अनुसार भारतीय सेनाओं में करीब साढे चार लाख सैनिक हरियाणा से हैं। इसी तरह हरियाणा में वर्ष 1960,1962,1965,1971 व कारगिल युद्ध के शहीदों के 1560 परिवार रह रहे हैं। इनमें 553 केवल कारगिल युद्ध के शहीदों के परिवार हैं। हरियाणा में रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी व झज्जर आदि जिलों में अन्य जिलों के मुकाबले अधिक सैनिक रहे हैं। जिसके चलते नरेंद्र मोदी ने रेवाड़ी में रैली करके यह घोषणा की थी।

मोदी की इस घोषणा को गुडग़ांव के सांसद राव इंद्रजीत हर मंच पर भुनाते रहे हैं। सत्ता परिवर्तन पर रक्षा राज्य मंत्री बनने के बाद राव इंद्रजीत भी कई बार पूर्व सैनिकों के साथ प्रधानमंत्री से मुलाकात कर चुके थे। उधर दिल्ली के जंतर-मंतर पर इस मांग को लेकर धरना दे रहे पूर्व सैनिकों में भी अधिकतर संख्या हरियाणा के पूर्व सैनिकों की रही है। रविवार को प्रधानमंत्री फिर से हरियाणा दौरे पर फरीदाबाद में आ रहे हैं। जहां वह मैट्रो रेल परियोजना का उदघाटन करेंगे। प्रधानमंत्री ने चुनाव से पहले हरियाणा में किए गए वादे को हरियाणा में आने से पहले पूरा कर दिया है।

प्रधानमंत्री ने पूर्व सैनिकों की दशकों पुरानी मांग को पूरा किया है। इससे न केवल समूचे देश बल्कि अन्य राज्यों के मुकाबले हरियाणा को अधिक लाभ मिलेगा। यह बड़े गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा की धरती पर ही यह वादा किया था, जिसे आज पूरा किया गया है। हरियाणा इसके साथ सबसे अधिक जुड़ा हुआ है।
- मनोहरलाल खट्टर, मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के समय से शुरू हुआ ओआरओपी का मसला भाजपा सरकार ने सुलझाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना वादा पूरा कर दिया। - अनिल विज, स्वास्थ्य मंत्री हरियाणा सरकार

प्रधानमंत्री ने देश के लाखों पूर्व सैनिकों की दशकों पुरानी मांग को पूरा करके यह साफ कर दिया है कि भाजपा केवल वादे नहीं करती। प्रधानमंत्री ने यह वादा चुनाव अभियान के तहत रेवाड़ी में आयोजित पहली रैली में किया था। भाजपा सदैव ही देश के सैनिकों के प्रति सम्मान का भाव रखती रही है। और भविष्य में भी जब भी सैनिकों या पूर्व सैनिकों के कोई भी विषय होंगे उनके संबंध में प्राथमिकता से निर्णय लिए जाएंगे।- कैप्टन अभिमन्यु, वित्त मंत्री, हरियाणा।

ये भी पढ़ें

image