
Gram Panchayat elections
चंडीगढ़। हरियाणा में अब पंचायती चुनाव अधर में लटक गए हैं। पिछले तीन दिन से सुप्रीम कोर्ट में इस मामले को लेकर लगातार सुनवाई चल रही थी। सुप्रीम कोर्ट ने कई मुद्दों पर बहस के बाद सुनवाई को 27 अक्तूबर तक के लिए स्थगित कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट में कई अहम मुद्दों पर बहस हुई। अदालत द्वारा पूछे जाने वाले सभी सवालों का वकीलों द्वारा जवाब दिया गया। इसके बावजूद इस मामले में कोई फैसला नहीं आया।
गुरुवार की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सरकार से कई सवाल पूछे और टॉयलेट की शर्त पर टिप्पणी करते हुए कहा कि हमें नहीं लगता कि कोई अपनी मर्जी से बाहर टॉयलेट जाना चाहेगा। बुधवार की सुनवाई में भी कोर्ट ने नई शर्तों पर कई सवाल उठाए थे। इनमें कई सवालों के जवाब सरकार नहीं दे पाई। उसे अदालत से समय मांगना पड़ा था। इसलिए अदालत से सुनवाई एक दिन के लिए आगे बढ़ा दी थी।
कोर्ट ने सरकार से सवाल पूछते हुए आंकड़ा मांगा कि संशोधन पर रोक के बाद कितने उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है और कितने उम्मीदवार योग्य पाए गए। प्रदेश के कितने घरों में शौचाल्य हैं। सरकार की योजना के तहत कितने घरों में टॉयलेट बनाए गए हैं। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने आज सरकार से पूछा कि प्रदेश में कुल कितने स्कूल हैं। इन स्कूलों में कितने बच्चे पढ़ते हैं। छात्रों को कितनी स्कॉलरशिप दी जाती है। इन तमाम सवालों पर बहस के बाद सुप्रीम कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 27 अक्तूबर निर्धारित की है।
Published on:
15 Oct 2015 07:55 pm

