
Tamil Nadu Assembly Elections 2021: पिता स्टालिन से ज्यादा धनवान पुत्र उदयनिधि, धरतीपुत्र पलनीस्वामी के नाम घर तक नहीं
चेन्नई.
किसान परिवार का सदस्य होने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री ईके पलनीस्वामी के नाम पर कृषि भूमि का एक टुकड़ा भी नहीं है। इस मामले में विपक्ष के नेता एम. के. स्टालिन तो अपने बेटे और अभिनेता उदयनिधि स्टालिन से गरीब निकले। जबकि मक्कल नीदि मय्यम के प्रत्याशी कमल हासन इन सबकी तुलना में रईस हैं। राज्य विधानसभा चुनाव 6 अप्रेल को है। स्टालिन के बेटे उदयनिधि भी चेपाक-ट्रिप्लीकेन सीट से मैदान में हैं।
2011 के विस चुनाव के वक्त सीएम के नाम कृषि और गैरकृषि दोनों तरह की जमीन थी। जो इस बार के नामांकन में नहीं है। जबकि उनको किसी परिचित से 15 लाख रुपए का कर्जा लेना पड़ा है। इन नेताओं ने अपनी आय का स्रोत बतौर जनप्रतिनिधि मिलने वाला वेतन, भत्ता व अन्य बताया है। कमल हासन के अमीर होने की वजह फिल्मी दुनिया से होने वाली कमाई है। बहरहाल पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा उपमुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम की सम्पत्तियों की कीमत पिछले चुनाव की तुलना में दुगुनी हुई है।
मुख्यमंत्री एडपाड़ी के. पलनीस्वामी
एआईएडीएमके के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पलनीस्वामी ने 47 लाख रुपए की चल संपत्ति घोषित की है जबकि उन पर 15 लाख रुपए का कर्जा है। उन्होंने किसी परिचित से 15 लाख रुपए का कर्जा ले रखा है और कहा कि उनके नाम पर कोई अचल संपत्ति नहीं है। 2011 की तुलना में उनकी अचल सम्पत्तियां शून्य हो गईं जबकि उनकी पत्नी की चल-अचल संपत्ति 1,04,11,631 रुपए की है और हिंदू अविभाजित परिवार (एचयूएफ) के अंतर्गत 50.21 लाख रुपए की संपत्ति है। 2011 के चुनाव में समग्र रूप से उनकी सम्पत्ति 3.67 करोड़ थी।
डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन
डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन के 4.94 करोड़ रुपए से अधिक की चल संपत्ति है। भूमि और आवासीय भवनों की उनकी अचल संपत्ति का मूल्य 2.24 करोड़ रुपए है। उनकी पत्नी की चल-अचल संपत्ति 30,22,854 रुपए है। उन्होंने विधायक वेतन, बैंक जमा और किराए से अपनी आय का स्रोत घोषित किया। स्टालिन के पास उनके नाम पर कोई वाहन नहीं है, जबकि उनकी पत्नी के पास 24.77 लाख रुपए के पुराने सोने के गहने हैं। बेटा उदयनिधि 21.13 करोड़ की सम्पत्ति के साथ उनसे ज्यादा अमीर है। पिछले चुनाव में स्टालिन की कुल सम्पत्ति 2.11 करोड़ थी।
उपमुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम
दायर शपथपत्र के अनुसार उप मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम की कुल सम्पत्ति 61.19 लाख रुपए घोषित की है। 2016 में उन्होंने अपनी कुल सम्पत्ति 35.67 लाख रुपए बताई थी। पन्नीरसेल्वम ने कहा कि यह घोषित सम्पत्ति केवल चल है। सम्पत्ति में 3 चार पहिया वाहनों की भी घोषणा की गई है। उन्होंने अपनी आय का जरिया उप- मुख्यमंत्री के तौर पर मिलने वाला वेतन और उनकी पत्नी की कृषि क्षेत्र से होने वाली आय बताया है। उनकी देनदारी 65,55,411 रुपए की है। उन्हें यह राशि अपनी पत्नी को देनी है।
एमएनएम- कमल हासन
अभिनेता कमल हासन पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। नामांकन में पेश सम्पत्तियों के विवरण के तहत 46 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 131 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। बैंक में जमा राशि में 2.43 करोड़ रुपए, म्यूचुअल फंड और शेयर जैसे निवेश में 26.1 लाख रुपए, बीमा में 2.39 करोड़ रुपए, व्यक्तिगत ऋण में 36.24 करोड़ रुपए और वाहनों में 3.69 करोड़ रुपए की घोषणा की। कमल हासन के पास भी 17.57 करोड़ रुपए मूल्य की 35.59 एकड़ जमीन है, जबकि चेन्नई में अभिनेता के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का मूल्य 92.05 करोड़ रुपए है।
Published on:
16 Mar 2021 05:52 pm
बड़ी खबरें
View Allचेन्नई
तमिलनाडु
ट्रेंडिंग
