ई-कॉमर्स साइट्स साझा करेंगी विस्फोटक सामग्री के क्रयोदश संबंधी सूचना
चेन्नई.
तमिलनाडु पुलिस ने राज्य में कूरियर कंपनियों और पार्सल सेवा कंपनियों को अपने गोदामों में प्रशिक्षित खोजी कुत्तों को तैनात करने का निर्देश दिया है। यह निर्देश कोयम्बत्तूर कार विस्फोट और मेंगलूरु ऑटो विस्फोट मामले के बाद दिया गया है। जांच में पता चला है कि दोनों मामलों में आरोपियों ने ऑनलाइन साइट्स के माध्यम से विस्फोटक बनाने के लिए आवश्यक कई सामग्रियों की खरीद की थी और कूरियर कंपनियों से प्राप्त की थी। कोयम्बत्तूर पुलिस ने हाल ही कूरियर और पार्सल सेवा कंपनियों की एक बैठक में उनको खोजी कुत्तों की सेवाएं लेने का निर्देश दिया, ताकि वे नशीले पदार्थों और विस्फोटकों की उपस्थिति को आसानी से ट्रैक कर सकें।
नशीली दवाओं को ट्रेक करने को प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स तैनात करें
राज्य पुलिस ने ई-कॉमर्स साइट्स और ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स को भी निर्देश दिया है कि अगर कोई पोटेशियम नाइट्रेट, अमोनियम नाइट्रेट, चारकोल या सल्फर जैसे विस्फोटक पदार्थ ऑर्डर करता है तो विभाग को सूचित करें। इन सामग्रियों को कोयम्बत्तूर विस्फोट की आरोपी जमीश मुबीन ने खरीदा था, जिसकी विस्फोट में मौत हो गई थी। पुलिस ने कूरियर और पार्सल कंपनियों को यह भी निर्देश दिया है कि नशीली दवाओं की तस्करी में शामिल कई गिरोह ऐसी कंपनियों की सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं, ऐसे में ये कंपनियां प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स को तैनात करें, जो आसानी से नशीली दवाओं की आवाजाही को ट्रैक करने में सक्षम होते हैं।
मादक पदार्थों के तस्करों द्वारा कूरियर का हो रहा उपयोग
चेन्नई, मदुरै, तिरुचि, कोयम्बत्तूर और सेलम शहरों में एमडीएमए जैसी सिंथेटिक दवाओं सहित घातक नशीले पदार्थों को स्थानांतरित करने के लिए मादक पदार्थों के तस्करों द्वारा कूरियर का उपयोग करने के कई मामले सामने आए थे। राज्य पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारियों ने हाल ही भारतीय तटरक्षक और तमिलनाडु की तटीय पुलिस समुद्र के रास्ते ड्रग्स की तस्करी को रोकने के लिए पूर्व तमिल आतंकवादी समूहों सहित कई अंतरराष्ट्रीय गिरोहों द्वारा समुद्री मार्ग से पाकिस्तान से श्रीलंका में नशीले पदार्थों की तस्करी का सहारा ले रही है।