26 दिसंबर 2025,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चेंगलपेट के कडम्बुर में जैव विविधता संरक्षण पार्क स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू

-300 करोड़ रुपए की लागत - परियोजना के 2027 से पहले पूरा होने की उम्मीद    

2 min read
Google source verification
चेंगलपेट के कडम्बुर में जैव विविधता संरक्षण पार्क स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू

चेंगलपेट के कडम्बुर में जैव विविधता संरक्षण पार्क स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू

चेन्नई.

राज्य वन विभाग ने चेंगलपेट जिले के कडम्बुर में एक जैव विविधता संरक्षण पार्क स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पार्क के लिए एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और अन्य डिजाइन तैयार करने के लिए सलाहकारों को आमंत्रित किया है। इसकी घोषणा 2022-23 के राज्य बजट सत्र के दौरान की गई थी। एक दस्तावेज के अनुसार तमिलनाडु इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड (टीएनआइडीबी) वन विभाग को एक कंसल्टेंसी फर्म का चयन करने में सहायता प्रदान कर रहा है जिसके पास देश के भीतर और बाहर बड़े पैमाने पर वनस्पति उद्यान और जैव विविधता पार्क विकसित करने का अनुभव है।सरकार ने 300 करोड़ रुपए की लागत से इस परियोजना को लागू करने की योजना की घोषणा की है। लंदन के क्यू गार्डन के साथ साझेदारी में 137.65 हेक्टेयर क्षेत्र में जैव विविधता संरक्षण पार्क की योजना बनाई गई है। परियोजना के लिए चयनित पूरी भूमि जिसे पहले कडु पोराम्बोके के रूप में वर्गीकृत किया गया था, को भी पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और वन विभाग को सौंप दिया गया है। चयनित स्थल वंडलूर चिडिय़ाघर से 17 किलोमीटर दूर और हवाई अड्डे से 32 किलोमीटर दूर स्थित है।

वनस्पति एन्क्लेव विकसित करने का उद्देश्यभले ही यह स्थल गुडलुर रिजर्व फॉरेस्ट के 1,104 हेक्टेयर के करीब है, यह मराईमलाई नगर नगर पालिका, महिंद्रा वल्र्ड सिटी और ओरागडम औद्योगिक क्षेत्र जैसी शहरी बस्तियों से घिरा हुआ है। दस्तावेज के अनुसार जैव विविधता संरक्षण पार्क का उद्देश्य राज्य भर से विभिन्न प्रकार की वनस्पतियों को इक_ा करने, प्रदर्शित करने और संरक्षित करने के लिए एक प्रकृति पार्क विकसित करना और पहाड़ों, जंगलों, पठारों जैसे क्षेत्रों से वनस्पतियों के साथ एक वनस्पति एन्क्लेव विकसित करना है।

पार्क में एक हर्बेरियम भी होगा। पार्क जनता को विभिन्न कृषि-जलवायु क्षेत्रों के स्वदेशी और विदेशी पौधों सहित तमिलनाडु की समृद्ध जैव विविधता के बारे में जानकारी प्रदान करेगा। यह सुविधा एक इकोटूरिज्म गंतव्य के रूप में भी कार्य करेगी। पौधों और पेड़ों की प्रजातियों के अलावा पार्क में वेटलैंड बोर्डवॉक,पथ, साइकिल पथ, पक्षी देखने के मंच, वॉचटावर, ट्री हाउस, प्राचीन तमिलनाडु के परिदृश्य और खुली हवा में सभागार होगा। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने दिसंबर 2022 में पार्क स्थापित करने का आदेश जारी किया था जिसके आधार पर डीपीआर तैयार करने के लिए सलाहकारों को आमंत्रित किया गया है। इस परियोजना के 2027 से पहले पूरा होने की उम्मीद है।