
गौतमी की संपत्ति धोखाधड़ी पर ईडी की छापेमारी
चेन्नई और मदुरै में बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अभिनेत्री से राजनेता बनी गौतमी की संपत्ति से जुड़े धोखाधड़ी मामले में बड़ा एक्शन लिया। निर्माता सी. अलगप्पन के छह ठिकानों पर यह छापेमारी धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में हुई है।
प्रवर्तन निदेशालय की यह कार्रवाई तमिलनाडु पुलिस द्वारा दर्ज सात प्राथमिकी के आधार पर की गई। वर्ष 2023 में अलगप्पन के खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हुए थे। गौतमी ने शिकायत में बताया था कि उन्होंने अपनी संपत्तियों के प्रबंधन के लिए करैकुडी निवासी अलगप्पन को ‘पावर ऑफ अटॉर्नी’ दी थी, लेकिन अलगप्पन और उनके परिवार ने संपत्तियां अपने नाम कर लीं और विदेशों में निवेश भी किया।
गौतमी के अनुसार, 2016-17 में 8.61 एकड़ भूमि को 4.10 करोड़ रुपए में बेचे जाने की बात कही गई, जबकि असल में यह जमीन 11.17 करोड़ रुपए में बेची गई थी। शेष राशि गबन होने के कारण आयकर विभाग ने गौतमी से 2.61 करोड़ रुपए टैक्स मांगा और उनके बैंक खाते फ्रीज कर दिए। हालांकि, मद्रास उच्च न्यायालय के आदेश के बाद 65.31 लाख रुपए जमा करने पर खाते दोबारा चालू हुए। इसी तरह, 2016 में रमणाथपुरम की 72.42 एकड़ भूमि के सौदे में भी धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं।
ED अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान आरोपी के विदेशी निवेश, संपत्तियों के लेनदेन, दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक डाटा को जब्त किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, गबन, अवैध वित्तीय लेनदेन व विदेशी संपत्ति संबंधी जानकारी की जांच के बाद ही सार्वजनिक की जाएगी।
पिछले वर्ष जुलाई में गौतमी ने प्रवर्तन निदेशालय को प्राथमिकी, आयकर रिकॉर्ड और संपत्ति दस्तावेज सौंपे थे, जिसके बाद मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू हुई। इस मामले में गौतमी भी पूछताछ के लिए उपस्थित हुई थीं। ED की छापेमारी के बाद जांच में आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा है।
Published on:
17 Jun 2026 06:07 pm
बड़ी खबरें
View Allचेन्नई
तमिलनाडु
ट्रेंडिंग
