
खजुराहो रेलवे स्टेशन
छतरपुर. खजुराहो- ललितपुर रूट पर इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पूरा हुए डेढ़ साल बीतने को है। लेकिन खजुराहो से नई दिल्ली वंदेभारत एक्सप्रेस का संचालन शुरु नहीं हो सका है। ट्रेन की घोषणा डेढ़ साल पहले खजुराहो दौरे पर आए रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने की थी। रेलवे बोर्ड ने प्रदेश की पहली वंदे भारत ट्रेन हाल ही में भोपाल से नई दिल्ली तक शुरू की है, लेकिन खजुराहो से दिल्ली के बीच बंदे भारत ट्रेन का संचालन लगातार टलता जा रहा है। रेल मंत्रालय या बोर्ड से ट्रेन संचालन को लेकर कोई तैयारी या निर्देश अबतक जारी नहीं हुए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि मार्च 2024 तक वंदेभारत की बोगियां मिलने पर ही संचालन शुरु हो सकेगा।
मार्च तक आएंगे वंदेभारत के स्लीपर कोच
दरअसल वंदेभारत में लगे चेयरकार कोच से लंबी दूरी की यात्रा में यात्री परेशान हो रहे हैं। ऐसे में रेलवे ने लंबी दूरी की वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में स्लीपर कोच लगाने की तैयारी चालू की है। वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए स्लीपर कोच मार्च 2024 तक तैयार हो जाने की उम्मीद है। इसके बाद वंदेभारत में दस- दस रैक लगातार इनका ट्रायल लिया जाएगा। ट्रायल सफल होने के बाद ये ट्रेनें भी स्लीपर कोच के साथ ही चलेंगी।
पहले देरी की वजह बताई विद्युतीकरण
रेल मंत्री की घोषणा के छह महीने तक रेलवे के अधिकारी खजुराहो- ललितपुर रूट में उदयपुरा से ईशानगर तक 72 किलोमीटर के रेल खंड के विद्युतीकरण न होने की बात कह रहे थे। अक्टूबर 2022 में रेल खंड का विद्युतीकरण भी पूरा हो गया। छह महीने का समय और बीत गया लेकिन वंदेभारत के संचालन की कोई सुगबुगाहट नहीं है। खजुराहो से वंदे भारत ट्रेन की घोषणा 16 अप्रेल 2022 को दो दिवसीय खजुराहो दौरे पर आए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की थी। ट्रेन का रूट तय करने के लिए उन्होंने खजुराहो से दिल्ली तक का सफर ट्रेन से ही तय किया था। इसके बाद दिल्ली में रेलवे अधिकारियों की बैठक में रूट चार्ट फाइनल किया गया। लेकिन इसके बाद पूरा मामला ठंडे बस्ते में चला गया है।
सांसदों की पहल का भी असर नहीं
केंद्रीय मंत्री डा. वीरेंद्र कुमार और खजुराहो सांसद-भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा वंदे भारत ट्रेन चलाए जाने को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भी लिख चुके हैं। एक तरह से उनके द्वारा की गई घोषणा को लेकर स्मरण पत्र भी दे चुके हैं, इसके बावजूद खजुराहो से दिल्ली तक वंदे भारत ट्रेन चलाए जाने की घोषणा अमल में नहीं लाई जा सकी है। हालांकि केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार कहते हैं कि वे पुन: इस संबंध में रेल मंत्री से आग्रह करेंगे। वे अपनी घोषणा को जरूर अमल में लाएंगे।
Published on:
30 Aug 2023 11:19 am
बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
