छतरपुर. जिले में पात्र पाई गईं महिलाओं को स्वीकृति पत्र बांटे जा रहे हैं। 7 और 8 जून को जिले भर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के माध्यम से महिलाओं को यह स्वीकृति पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा जिले की एक लाख 23 हजार बहनों के खाते में रस्म स्वरूप एक रूपए की राशि भेज दी गई है। अब योजना के लिए पात्र पाई गईं 3 लाख 18 हजार 691 महिलाओं को 10 जून की शाम 6 बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा सिंगल क्लिक करते हुए खाते में एक हजार रूपए भेजे जाएंगे।
सरकार के निर्देश पर छतरपुर जिसने पंजीयन कराए लगभग सभी बन गईं पात्र
लाड़ली बहना योजना के माध्यम से जिले में 3 लाख 18 हजार 691 महिलाओं को पात्र पाया गया है जबकि सिर्फ 110 महिलाएं ऐसी हैं जो इस योजना में अपात्र साबित हुई हैं। महिला बाल विकास अधिकारी राजीव सिंह ने बताया कि ज्यादातर महिलाओं के खातों को डीबीटी के माध्यम से योजना के लिए बैंकों से लिंक करा दिया गया है। चिन्हित की गईं सभी महिलाओं को 10 जून की शाम 6 बजे एक हजार रूपए मिल जाएंगे। अब हर पात्र महिला को हर महीने एक हजार रूपए की राशि इस योजना से मिलती रहेगी। जिले में इस योजना के अंतर्गत महिलाओं को हर महीने लगभग 32 करोड़ रूपए बांटे जाएंगे।
18 लाख की आबादी में 3 लाख पात्र
विधानसभा चुनाव के ठीक पहले भाजपा सरकार की वापसी कराने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा प्रदेश की महिला आबादी को साधने के लिए लाड़ली बहना योजना को मास्टर स्ट्रोक कहा जा रहा है। यह योजना भले ही प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़ाएगी लेकिन इस योजना के माध्यम से सरकार प्रदेश की महिलाओं को खुश करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। 18 लाख की आबादी वाले छतरपुर जिले में ही 3 लाख 18 हजार महिलाओं को इस योजना के लिए पात्र पाया गया है। योजना को भव्य बनाने के लिए कई चरण में इसके प्रचार-प्रसार एवं समारोहों के आयोजन भी किए जा रहे हैं।
गांव गांव में मनाया जा रहा लाड़ली बहना उत्सव
जिले के गांव-गांव में लाड़ली बहना उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर रंगोली सजाकर घर-घर दीप प्रज्ज्वलित किये गए। साथ ही 10 जून को 1 हजार रुपए को राशि बैंक खातों में आने पर बिजावर के ग्राम अमरपुरा, नयाताल एवं लुहरपुरा के बकस्वाहा और बड़ामलहरा की लाड़ली बहनें मंगलगीत उत्साह और खुशी से झूमीं। सभी ने रंगोली और दीपप्रज्वलित कर खुशियां बांटी।