छतरपुर. अलग अलग स्थानों पर बनी तीन मौसम प्रणालियों के असर से जिले के वातावरण में नमी आ रही है। इस वजह से बादल छा रहे हैं। साथ ही कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वर्षा भी हो रही है। इसी क्रम में गुरुवार को रात में करीब १० बजे कहीं कहीं बूंदाबांदी हुई। वहीं अभी जिले में तेज हवाओं के साथ ही ओलावृष्टी और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
बीते दिनों से प्रदेश में के सागर, भोपाल सहित अन्य जिलों में चल रहा खराब मौसम अब छतरपुर पहुंच गया है और इसी के चलते गुरुवार की रात में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। हालाकि कुछ देर में ही मौसम साफ हो गया। जिससे किसानों सहित आम लोगों ने राहत की शांस ली। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार आने वाली २१ मार्च तक जिले में कहीं कहीं पर बारिश या गरज के साथ आंधी या धूल भरी आंधी की संभावना के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इसके बाद 22 व २३ मार्च को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार है।
मौसम विभाग की ओर से बताया कि शनिवार को छतरपुर, दमोह, सागर, टीकमगढ़ सहित कई अन्य जिलों में ४० से ६० किलोमीटर प्रति घंटा से हवाओं के साथ ही ओलावृष्टी और आकाशीय बिजली गिरने की संभावनाएं जताई हैं। जिले में मौसम का इस तरह का मिजाज 2१ मार्च तक बना रह सकता है। ऐसे में बादल बने रहने के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते हो रहा मौसम में बदलाव
दरअसल वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। साथ ही दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इन तीन मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने के साथ ही हवा का रुख भी दक्षिणी बना हुआ है।
इस वजह से वातावरण में नमी बढ़ रही है। इससे बादल छा रहे हैं। साथ ही वर्षा भी हो रही है। वहीं 19 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ फिर उत्तर भारत की तरफ बढ़ेगा। इस वजह से अभी मौसम का मिजाज इसी तरह का बना रहने की संभावना है।