छतरपुर/बकस्वाहा. क्षेत्र के कई गांवों में तेज आंधी के साथ बारिश होने और फिर ओलावृष्टि होने से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। अचानक मौसम में आए बदलाव के साथ क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हुई और आले गिरे। जिससे खेतों में खड़ी फसल के साथ ही कटी और खलिहानों में रखी फसलें बर्बाद हो गई।
गुरुवार को दोपहर बाद हुई कुछ इलाकों में बारिश ने किसानों की माथे में चिंता की लकीरें ला दीं थीं। इसी के बाद शुक्रवार को दोपहर के समय अचानक फिर से मौसम में बदलाव हुआ और आसमान से आफत रूपी बारिश के साथ ओले गिरे। जिससे किसानों की फसलें बर्बाद हो गई।
बकस्वाहा क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवरी, खतरिया, धोड़ा, रईआऊ में मूसलाधार बारिश के साथ ओले गिरे हैं। जिससे किसानों के चेहरे पर मायूसी छा गई। किसानों को कहना है कि कटी कटाई फसल को भारी नुकसान हुआ है। क्षेत्र में इसके पहले भी मूसलाधार बारिश होने से फसलें खराब हुई थीं और फिर से बारिश और ओलों ने तबाही मचा दी है।
वहीं जनपद अध्यक्ष रजनी यादव ने बताया कि बकस्वाहा जनपद अंतर्गत क्षेत्र के सुजारा, देवरी सहित अन्य ग्रामों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। जल्द शासन को अवगत कराकर किसानों की क्षतिपूर्ति की राशि दिलाई जाएगी।
वहीं सरवई कस्बे के साथ क्षेत्र के कई गांव में भी ओले गिरने से किसानों की फसल बर्बाद हो गई। करीब 15 दिनों से मौसम में बदलाव हो रहा था, कभी बादल तो कभी वर्षा हो रही थी। इसके बाद शुक्रवार को दोपहर में करीब 2 बजे 45 मिनट पर अचानक मौसम में बदलाव हुआ और बारिश के साथ ओले गिरे। इससे फसलें चौपट हो गईं।
आंधी पानी राहत मिलने की उम्मीद
जिले के कहीं-कही शनिवार को भी बारिश हुई और ओले भी गिरे हैं जिससे मौसम में बदलाव आया है। साथ ही किसानों की फसलों को खासा नुकसान हुआ है। हालात अब मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर है। मौसम विज्ञान केंद्र खजुराहो से आरके परिहार ने बताया कि दिल्ली की ओर से आया पश्चिमी विक्षोभ रात में जिले से निकल जाएगा। जिससे आंधी, बारिश आदि से राहत मिलने की अम्मीद जताई जा रही है। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान ३२.२ डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम १९.८ दर्ज किया गया है। इस दौरान खजुराहो में ७ एमएम बारिश दर्ज हुर्ई और हवाओं की रफ्तार १५ से २० किलो मीटर प्रति घंटे दर्ज की गई है। रविवार को तापमान फिर से बढऩे के आसान हैं।