16 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

देश में नंबर-1 बना खजुराहो एयरपोर्ट, ग्राहक संतुष्टि में भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर समेत मध्यप्रदेश के सभी हवाई अड्डों को छोड़ा पीछे

खजुराहो एयरपोर्ट को 4.98 ग्राहक संतुष्टि अंक प्राप्त हुए हैं। पिछले सर्वे यानी राउंड-2 वर्ष 2025 में भी एयरपोर्ट को 4.99 अंक मिले थे। इस बार महज 0.01 अंक की मामूली कमी के बावजूद खजुराहो ने शीर्ष स्थान बरकरार रखा है।
2 min read
Google source verification
khajuraho airport

खजुराहो एयरपोर्ट

विश्व धरोहर नगरी खजुराहो ने एक बार फिर देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण (कस्टमर सैटिस्फैक्शन सर्वे) राउंड-1 वर्ष 2026 में खजुराहो हवाई अड्डे ने ग्राहक संतुष्टि सूचकांक में सर्वेक्षित हवाई अड्डों के बीच पहला स्थान हासिल किया है। खजुराहो एयरपोर्ट को 4.98 ग्राहक संतुष्टि अंक प्राप्त हुए हैं। पिछले सर्वे यानी राउंड-2 वर्ष 2025 में भी एयरपोर्ट को 4.99 अंक मिले थे। इस बार महज 0.01 अंक की मामूली कमी के बावजूद खजुराहो ने शीर्ष स्थान बरकरार रखा है।

प्रदेश में भी सर्वश्रेष्ठ

खजुराहो की यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि उसने मध्यप्रदेश के सभी प्रमुख हवाई अड्डों को पीछे छोड़ दिया है। ग्राहक संतुष्टि सूचकांक में भोपाल एयरपोर्ट को 4.96 अंक प्राप्त हुए और वह संयुक्त तीसरे स्थान पर रहा। ग्वालियर एयरपोर्ट को 4.95 अंक के साथ संयुक्त चौथा स्थान मिला, जबकि जबलपुर एयरपोर्ट 4.92 अंक के साथ संयुक्त सातवें स्थान पर रहा। इस प्रकार ग्राहक संतुष्टि के मामले में खजुराहो प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला एयरपोर्ट साबित हुआ।मध्यप्रदेश के प्रमुख एयरपोर्टों का प्रदर्शन

हवाई अड्डा राउंड-1 (2026) राउंड-2 (2025) अंतर श्रेणी (रैंक)

खजुराहो             4.98             4.99 -0.01 1

भोपाल             4.96             4.99 -0.03 3

ग्वालियर            4.95             4.94 0.01 4

जबलपुर             4.92             4.93 -0.01 7

रेटिंग में यह रहा बदलाव

पिछले सर्वे की तुलना में भोपाल एयरपोर्ट की ग्राहक संतुष्टि रेटिंग 4.99 से घटकर 4.96 रह गई, यानी 0.03 अंक की कमी दर्ज की गई। दूसरी ओर ग्वालियर एयरपोर्ट ने सुधार करते हुए 4.94 से बढ़कर 4.95 अंक प्राप्त किए और 0.01 अंक की बढ़त हासिल की। जबलपुर एयरपोर्ट की रेटिंग 4.93 से घटकर 4.92 रही, जिसमें 0.01 अंक की मामूली गिरावट दर्ज हुई। वहीं खजुराहो एयरपोर्ट की रेटिंग भी 4.99 से घटकर 4.98 हुई, लेकिन इसके बावजूद उसने सर्वे में पहला स्थान बरकरार रखा। लगातार दो सर्वेक्षणों में शीर्ष प्रदर्शन यह दर्शाता है कि यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने में खजुराहो एयरपोर्ट निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।

इन 30 से अधिक सुविधाओं पर मिलती है रैंकिंग

एएआई का ग्राहक संतुष्टि सर्वे यात्रियों के वास्तविक अनुभवों के आधार पर तैयार किया जाता है। इसमें चेक-इन प्रक्रिया, सुरक्षा जांच, सुरक्षा कर्मियों एवं एयरपोर्ट स्टाफ का व्यवहार, टर्मिनल की स्वच्छता, प्रतीक्षालय की सुविधा, भोजन एवं खरीदारी की व्यवस्था, पार्किंग, वाई-फाई, बैगेज डिलीवरी, ग्राउंड ट्रांसपोर्ट, सूचना प्रणाली, साइनेज, सुरक्षा व्यवस्था तथा समग्र संतुष्टि सहित 30 से अधिक मानकों पर यात्रियों से फीडबैक लिया जाता है। इन्हीं मानकों के आधार पर ग्राहक संतुष्टि सूचकांक तैयार किया जाता है।

इनका कहना है

प्रत्येक छह महीने में जारी होने वाली रैंकिंग में खजुराहो को प्रथम स्थान मिलना खुशी और गौरव की बात है। हमारा प्रयास यात्रियों को लगातार बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का रहा है। आने वाले दिनों में एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

संतोष सिंह, डायरेक्टर, खजुराहो एयरपोर्ट

बड़ी खबरें

View All

छतरपुर

मध्य प्रदेश न्यूज़

ट्रेंडिंग