
newly married man maniram murder, मनीराम और शिवानी की शादी की तस्वीर (source-patrika)
Chhatarpur Newly Married Man Murder: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में पुलिस ने अमरोनिया के जंगल में मिली युवक की हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए चौंका देने वाला खुलासा किया है। युवक की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी, उसके कथित प्रेमी और एक अन्य साथी को गिरफ्तार किया गया है। शादी के महज 57 दिन बाद युवक की हत्या कर आरोपियों ने शव को नाले में पत्थर से दबा दिया था, लेकिन पुलिस की तफ्तीश में आरोपियों के जुर्म का पर्दाफाश हो गया।
छतरपुर जिले के सटई थाना क्षेत्र में अमरोनिया के जंगल में 10 जुलाई को एक युवक की लाश नाले में पत्थर से दबी मिली थी। मृतक की पहचान मनीराम रैकवार निवासी सिगरामपुरा के तौर पर हुई थी। पुलिस की जांच में पता चला कि मनीराम दिल्ली में एक फैक्ट्री में नौकरी करता था और 13 मई 2026 को ही उसकी शादी शिवानी रैकवार के साथ हुई थी। परिजनों से पूछताछ में पुलिस को जानकारी लगी कि मनीराम पत्नी शिवानी को अपने साथ दिल्ली ले जाने वाला था, लेकिन इससे पहले ही उसकी हत्या हो गई। वो 9 जुलाई की रात से लापता था और परिजन ने उसकी गुमशुदगी भी पुलिस थाने में दर्ज कराई थी।
पुलिस ने मामले की जांच की और जब मृतक मनीराम व उसकी पत्नी शिवानी के मोबाइल की कॉल डिटेल की जांच की तो अखिलेश पटेल ग्राम पल्कोहा, थाना किशनगढ़ का दोनों के संपर्क में होना पता चला। इतना ही नहीं शिवानी की लगातार अखिलेश से फोन पर बातचीत होने के बारे में भी जानकारी लगी। इस आधार पर जब पुलिस ने शिवानी और अखिलेश से पूछताछ की तो वो टूट गए और अपना जुर्म कबूल कर लिया। बताया गया है कि शिवानी और अखिलेश के बीच शादी से पहले से प्रेम प्रसंग था। शादी के बाद मनीराम शिवानी को दिल्ली ले जाना चाहता था, लेकिन शिवानी प्रेमी अखिलेश से दूर नहीं जाना चाहती थी, इसलिए शिवानी और अखिलेश दोनों ने ही मिलकर मनीराम की हत्या की साजिश रची।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी अखिलेश पटेल ने बताया कि वो शिवानी और मनीराम की शादी में भी गया था। शादी के बाद उसने मनीराम से दोस्ती बढ़ाई और उसके घर आने-जाने लगा। इसी तरह से वो शिवानी से मिलता था। जब उसे पता चला कि वो शिवानी को दिल्ली ले जाने वाला है तो हत्या की साजिश रची। 8 जुलाई को पार्टी करने के लिए मनीराम को बुलाया, साथ में पार्टी की। इसके बाद अगले दिन 9 जुलाई को फिर से पार्टी करने के लिए बुलाया और इसी दौरान अपने साथी भरत यादव के साथ मिलकर मनीराम के गले पर पेंचकस से वार कर तौलिये से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद मनीराम के शव को नाले में पत्थर से दबा दिया था।
पुलिस ने मृतक मनीराम की पत्नी शिवानी रैकवार, उसके कथित प्रेमी अखिलेश पटेल और उसके साथी भरत यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तौलिया, पेचकस, मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस इन सभी साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच भी करा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सटई निरीक्षक सुनीता बिदुआ, उपनिरीक्षक जेपी पाण्डेय, पीएल अहिरवार, प्रधान आरक्षक हनुमानदीन, बाबूराम, अजय, बृजेंद्र, आरक्षक रामकुमार, सतीश, राहुल, अरविंद, अमित, श्याम सुंदर, महिला आरक्षक शिक्षा, ज्योति सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
Updated on:
14 Jul 2026 09:07 pm
Published on:
14 Jul 2026 09:06 pm
