
भीषण गर्मी की चपेट में छतरपुर (Photo Source- Patrika)
Severe Heatwave : एक तरफ जहां मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश का साथ ओलावृष्टि का दौर देखने को मिल रहा है तो वहीं, इसी राज्य के अंतर्गत आने वाले बुंदेलखंड क्षेत्र में सूरज के तल्ख तेवर देखने को मिल रहे हैं। अगर बात करें छतरपुर जिले की तो यहां पड़ रही तीखी गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरु कर दिया है।
बीते 24 घंटों के दौरान जिले में इस सीजन में पहली बार दिन का पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा पहुंचा है, जिससे समूचा जिला भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। मौसम के बदलते मिजाज ने लोगों को दोपहर के समय घरों के भीतर दुबकने पर मजबूर कर दिया है।
पिछले कुछ दिनों से जिले के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव का दौर जारी था। बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में कभी गिरावट तो कभी उछाल देखने को मिल रहा था। लेकिन, सोमवार को स्थिति पूरी तरह बदल गई और अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीजन में ये पहला मौका है, जब पारा 40 डिग्री के ऊपर पहुंचा है।
यहां दिन के साथ-साथ रातों की रंगत भी बदलने लगी है। न्यूनतम तापमान में भी 1 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ पारा 21.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जिससे अब रातें भी गर्म महसूस होने लगी हैं।
मौसम केंद्र खजुराहो के प्रभारी आर.एस परिहार ने बताया कि, आने वाले दिनों में गर्मी का असर और अधिक बढ़ने की संभावना है। तापमान में निरंतर वृद्धि के साथ-साथ अब हवाओं की गति में भी इजाफा देखा जाएगा। पूर्वानुमान के अनुसार, जिले में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने के आसार हैं। तेज हवाओं के चलने से लू (हीटवेव) जैसी स्थिति बन सकती है, जो जनजीवन को प्रभावित करेगी।
एक ओर जहां तपिश बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने जिले के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है। विभाग ने पूर्वानुमान दिया है कि बढ़ते तापमान के बीच जिले में झंझावत, वज्रपात और झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। आसमान में बादलों की मौजूदगी और तेज धूप की लुका-छिपी के कारण उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती है। जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बौछारें गिरने की संभावना भी जताई गई है।
Updated on:
31 Mar 2026 09:54 am
Published on:
31 Mar 2026 09:54 am
