14 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

BJP Candidate list Chhatarpur : छतरपुर में दो विधायकों के कटे टिकट, एक की बदली सीट

छतरपुर से अर्चना सिंह, बड़ामलहरा से ललिता यादव, चंदला से राजेश प्रजापति और महाराजपुर से मानवेंद्र सिंह को मिला टिकट, बिजावर और राजनगर सीट की टिकटें अटकीं

2 min read
Google source verification
 Chhatarpur

Chhatarpur

छतरपुर। जिले की छह विधानसभा सीटों में से चार सीटों पर भाजपा ने लंबे इंतजार के बाद अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। गुरुवार को दिल्ली में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद शुक्रवार को दोपहर 11 बजे भाजपा ने 177 नामों की पहली सूची जारी की है। भाजपा ने छतरपुर विधानसभा सीट की दो बार की विधायक एवं राज्यमंत्री ललिता यादव की सीट बदल दी है। उन्हें बड़ामलहरा विधानसभा से भाजपा का प्रत्याशी बनाया गया है।

बड़ामलहरा से दो बार की विधायक रेखा यादव का टिकट काट दिया गया है। भाजपा ने विकास का चेहरा बनाकर ललिता यादव को वहां भेजा है। छतरपुर में विधायक व मंत्री रहते उनके द्वारा कराए गए विकास कार्यों को आधार रखकर भाजपा ने यादव बाहुल्य बड़ामलहरा सीट पर ललिता यादव को उतारा है। जबकि उनके स्थान पर छतरपुर से दो बार की नगरपालिका अध्यक्ष अर्चना गुड्डू सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। अर्चना सिंह भाजपा जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्रप्रताप सिंह की पत्नी हैं। वे अभी नगरपालिका की अध्यक्ष भी हैं। इसके अलावा महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर निवर्तमान विधायक मानवेंद्र सिंह भंवर राजा को भाजपा ने फिर से टिकट दिया है।

स्थानीय पार्टी नेताओं के लगातार विरोध के दरकिनार करते हुए भाजपा ने एक बार फिर मानवेंद्र सिंह पर भरोसा किया है। उधर चंदला विधानसभा में भी इस बार टिकट बदला गया है। निवर्तमान विधायक आरडी प्रजापति का टिकट काटकर भाजपा ने उनके बेटे जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश प्रजापति को अपना प्रत्याशी बनाया है। राजेश प्रजापति ने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़कर राजनीति की शुरुआत की। पहली बार में ही वे जिला पंचायत अध्यक्ष बन गए। उनका यह कार्यकाल पूरा भी नहीं हो पाया कि उन्हें विधानसभा से टिकट मिल गई।

बिजावर और राजनगर में अटका फैसला :
जिले की शेष बची दो विधानसभा राजनगर और बिजावर के प्रत्याशियों का फैसला अभी अटका हुआ है। बिजावर से निवर्तमान विधायक पुष्पेंद्रनाथ पाठक और पूर्व सांसद-विधायक जितेंद्र सिंह बुंदेला के नाम का पैलन है। इसके अलावा कांग्रेस के राजेश शुक्ला बबलू का नाम भी भाजपा में शामिल होने का चल रहा है। इसी तरह राजनगर विधानसभा क्षेत्र से भी भाजपा की तरफ से जिला महामंत्री अरविंद पटैरिया और डॉ. घासीराम पटेल से लेकर पन्नालाल अवस्थी के नाम दावेदारों में हैं। माना जा रहा है कि इन दोनों सीटों से कांग्रेस प्रत्याशी घोषित होने के बाद समीकरण के आधार पर भाजपा अपने पत्ते खोलेगी।