21 दिसंबर 2025,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अवैध गुटखा फैक्ट्री व गोदाम पर छापा, 2 मशीने एवं 19 बोरी कच्चा माल और तैयार गुटखा बरामद

खेत पर बने कमरे में दो मशीनें लगाकर प्रतिबंधित तंबाकू गुटखा बनाया जा रहा था। मौके पर दो मशीनें और 13 बोरी गुटखा बनाने का मटेरियल और तैयार गुटखा बरामद हुआ है। किंग गुटखा नाम से तंबाकू गुटखा बनाकर आसपास के जिलो में सप्लाई किया जा रहा था।

3 min read
Google source verification
illegal gutkha factory

कार्रवाई करती एसडीएम व टीम

छतरपुर. प्रशासन की संयुक्त टीम ने तिंदनी गांव में गुटखा बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ी है। खेत पर बने कमरे में दो मशीनें लगाकर प्रतिबंधित तंबाकू गुटखा बनाया जा रहा था। मौके पर दो मशीनें और 13 बोरी गुटखा बनाने का मटेरियल और तैयार गुटखा बरामद हुआ है। किंग गुटखा नाम से तंबाकू गुटखा बनाकर आसपास के जिलो में सप्लाई किया जा रहा था। इसके पहले भी कई बार खेत में अवैध गुटखा बनाने की फैक्ट्रियां पकड़ी गई। दूसरी जगह छापेमारी में 6 बोरी मिक्स मसाला समेत गुटखा पैकिंग मेटरियल पकड़ा गया। ये फैक्ट्रियां गुटखा माफिया गांव-गंाव में मशीनें बांटकर कमीशन पर चलवा रहे हैं।

रात में दो जगह हुई कार्रवाई


सोमवार की देर रात्रि को प्रशासन की संयुक्त टीम राजस्व, खाद्य एवं पुलिस विभाग द्वारा नौगांव के ग्राम तिंदनी में खेत पर बने एक घर में अवैध गुटखा निर्माण फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। जिसकी जानकारी मिलने पर प्रशासन की टीम ने देर रात्रि छापेमार कार्यवाही कर सम्पूर्ण सामग्री को जब्त किया है। गुटखे के अवैध निर्माण की जगह के भूमि स्वामी रणधीर सिंह पिता किशोर सिंह निवासी नौगांव के खेत पर कार्यवाही की गई। उक्त भूमि पर वने मकान में अवैध गुटखा निर्माण होते पाया गया। मौके पर 2 गुटखा मशीन, 13 बोरी कच्चा माल एवं 42 पैकट किंग गुटखा के पैकेट पाए गए। उक्त गुटखा तम्बाकू, सुपाड़ी मिक्स माल से बना पाया गया है। इसके बाद टीम ने नौगांव निवासी फूलचंद्र यादव के मकान पर छापा मारा, जहां भाभीजी और मास्टरजी ब्रांड का अवैध गुटखा, 3 से 4 बंडल पैकिंग रोल, 6 बोरी तंबाकू मिक्स मसाला और केमिकल मिला, जिसे जब्त किया गया है। इस ब्रांड को पहले भी पकड़ा गया है, जो राजेश गुप्ता बनवा रहा था।

इसके पहले पकड़ी गई थी सात मशीनें


विधानसभा चुनाव के दौरान कलेक्टर संदीप जीआर और तात्कालीन एसपी अमित सांघी ने खुद छापेमारी कर सात मशीनें पकड़ी थी। उन्होंने नौगांव क्षेत्र के ददरी एवं बरा गांव 3 स्थानों पर छापेमारी कर खेत पर बनाए जा रहे अवैध गुटखा की फैक्ट्रियों को पकड़ा था। 7 मशीने, पैकिंग सामग्री, कच्चा माल, गुटखा पाउच और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा मौके से बरामद किया गया। गुटखा माफिया गांव-गांव में इसी तरह से दो-दो मशीनें बांटकर अवैध गुटखा बनवा रहे हैं।

गुटका माफिया के ठिकानों पर जीएसटी ने भी मारा था छापा


11 दिसंबर 2023 को सेंट्रल जीएसटी ने लेन-देन की जानकारी देने और कर भुगतान में लापरवाही करने पर छतरपुर के पान मसाला कारोबारी मेसर्स तमन्ना ट्रेडिंग एंड मैन्युफैक्चरिंग के कई ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में लगभग 30 सदस्यीय टीम शामिल हुई। इस दौरान विभाग की कार्रवाई में यह पाया गया है कि बड़ी मात्रा में बिना उचित जीएसटी भुगतान के पान मसाला ब्रांड पहेली, पुजारी, आरडीएक्स का निर्माण कर विक्रय किया जा रहा था।

गुटखा माफिया पकड़ से बाहर


जिले में प्रतिबंधित तंबाकू गुटखा का निर्माण का नौगांव गढ़ बन गया है। छतरपुर की सन सिटी कॉलोनी निवासी गुटखा माफिया नौगांव व उसके आसपास के गांवों में दो- चार मशीने लगवा कर अवैध गुटखा बनवा रहा है। गुटखा माफिया ने ऐसे आधा सैकड़ा ठिकाने बना रखे है। जीएसटी या पुलिस की कार्रवाई होने पर मशीन संचालित करने वाला और सप्लायर पकड़ा जाता है। कार्रवाई भी उनतक ही सीमित रहती है। जबकि गुटखा माफिया कार्रवाई से हमेशा बच जाता है। गुटखा माफिया का टर्नओवर सालाना 100 करोड़ का हो गया है। लेकिन प्रशासन, जीएसटी की टीमें छोटी-छोटी कार्रवाई तक ही सीमित हैं।

कई जिलों तक है सप्लाई


कई गुना मुनाफा देने वाला गुटखा का अवैध कारोबार बढ़ रहा है। जिला मुख्यालय व नौगांव इलाके में अवैध फैक्ट्रियों में नकली ब्रांडेड गुटखा बड़ी मात्रा में बनाया जा रहा है। इसके साथ ही ग्वालियर-महोबा से भी अवैध रुप से गुटखा मंगाया जा रहा है। अवैध गुटखा न केवल छतरपुर जिले में खप रहा है बल्कि बड़ी मात्रा में सागर-दमोह तक सप्लाई भी किया जा रहा है। गुटखा की मांग और मुनाफा को देखते हुए कई व्यापारी अवैध धंधे में उतर गए हैं। अवैध रुप से बने गुटखा को छोटे मालवाहकों से शहर-गांव और जिले के बाहर भेजा जा रहा है। कमीशन ज्यादा होने से दुकानदार भी इसकी बिक्री पर जोर दे रहे हैं।

रोक के बावजूद बन रहा मिक्स मसाला


पिछले कुछ समय से अवैध गुटखा बनाने वाले व्यापरियों ने नगर सहित आसपास के क्षेत्र को अवैध गुटखा फैक्ट्रियों का हब बना रखा है। ऐसा नहीं है कि इसकी भनक संबंधित अधिकारियों को नहीं हो, इसके बाद भी अधिकारीयों द्वारा इन पर कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिससे नगर सहित क्षेत्र में बेखोफ अवैध गुटखा बनाने और बेचने का कारोबार पनप रहा है। जानकारी के अनुसार विगत कई वर्षों पूर्व लोगों के स्वास्थ को ध्यान में रखते हुए मिक्स गुटखा पर रोक लगाई थी। जिसके बाद से लाइसेंसधारी गुटखा व्यापारियों द्वारा पान मसाला और तम्बाकू अलग-अलग बनाए जाने लगे थे। बिना लाइसेंसधारी अपनी-अपनी मिक्स गुटखा की मशीनें लगाकर तम्बाकू युक्त गुटखा बनाकर व्यापार कर रहे हैं।


इनका कहना है


संयुक्त टीम ने तीन स्थानों पर दबिश दी, जिसमें से दो स्थानों पर अवैध गुटखा मिला है। खेत पर गुटखा बनाया जा रहा था। वहीं किराए के मकान के गोदाम में गुटखा का स्टॉक मिला है। जब्त माल को जांच के लिए भेजा गया है।
विशा माधवानी, एसडीएम