छतरपुर. अमृत योजना के फेज 2 में शहर के किशोर सागर, ग्वाल मंगरा, प्रताप सागर और संकट मोचन तालाब का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। जिसका गुजरात की मॉस कंपनी ने 3 करोड़ की लागत वाला डीपीआर तैयार किया है। जो प्रशासन द्वारा अनुमोदन किए जाने के बाद नगरीय प्रशासन को भेजा गया है। वहां से अनुमति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू होगा।
नालियों को किया जाएगा डायवर्ट
सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया ने बताया कि शहर के प्रमुख तालाब किशोर सागर, ग्वाल मंगरा, प्रताप सागर और संकट मोचन का सौंदर्यीकरण अमृत योजना 2.0 के तहत किया जाना है। जिसका गुजरात की कंपनी मॉस ने डीपीआर तैयार कर दिया है। भोपाल नगरीय प्रशासन द्वारा दिए गए बजट के अनुसार इसकी लागत 3 करोड़ की होगी। सबसे पहले तालाबों से जुड़ी नालियों को डायवर्ड किया जाएगा। ताकि इनमें लोगों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी न पहुंच सके और पानी साफ और स्वच्छ रहे। इसके बाद तालाब के किनारे पाथवे का निर्माण कर लाइटिंग कर सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा।
पांच टंकियों का डीपीआर अनुमोदन के लिए भेजा
अमृत योजना २.० के तहत शहर में 4.15 करोड़ की लागत से संकट मोचन तालाब स्थित अनगढ़ टौरिया, नौगांव रोड पर डिजिटल कॉलेज के पास, बाइपास रोड स्थित सरानी दरवाजा बाहर, न्यू कॉलोनी स्थित तीन बंदर तिराहा के पास और चौबे कॉलोनी के अंतिम छोर निर्मित होने वाली 5 पानी की टंकी का डीपीआर भी गुजरात की कंपनी ने तैयार कर दिया है। जिसे नगर पालिका छतरपुर ने नगरीय प्रशासन भोपाल को अनुमोदन के लिए भेज दिया है। नगरीय प्रशासन की स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।
इनका कहना है
नगरीय प्रशासन को अनुमोदन के लिए भेजा गया है। अनुमोदन प्रक्रिया पूरी होते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
शशिप्रभा सिंह, उपयंत्री, नगरपालिका