
मौनिया महोत्सव में खुद को नृत्य करने से नहीं रोक सके सीएम शिवराज
छतरपुर। बिजावर में आयोजित मौनिया महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सटई को तहसील बनाने की घोषणा की है। वहीं, बिजावर प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र के रुप में उन्नयन व आइटीआइ कॉलेज की सौगात समेत 18 करोड़ की योजनाओं व कार्यो को मंजूरी दी है। उन्होंने ईशानगर को तहसील बनाने की संभावना तलाशने, मौनिया महोत्सव स्थल को स्टेडियम का रुप देने और बिजावर में बस स्टैंड निर्माण को भी मंजूरी दी है। शनिवार की दोपहर 2.20 बजे मुख्यमंत्री मौनिया महोत्सव में बिजावर पहुंचे, जहां विधायक राजेश शुक्ला की मांग पर मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रुप से घोषणाए की।
हिन्दी में पढ़ाई से गरीब का बेटा भी बनेगा डॉक्टर इंजीनियर
मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि हिन्दी में मेडिकल व इंजीनियरिंग की पढ़ाई होने से गरीब का बेटा भी डॉक्टर इंजीनियर बन सकेगा। उन्होंने कहा कि गोरे अंग्रेज चले गए लेकिन काले अंग्रेज छोड़ गए। लोगों में अंग्रेजी की मानसिकता पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया के सभी देश मातृ भाषा को महत्व देते हैं। हम हिन्दी के जरिए गरीब बच्चों को भी पढ़ाई और करियर बनाने के अच्छे अवसर देंगे। भारत में हिन्दी ही चलेगी। उन्होंने मध्यप्रदेश में बेटियों की सुरक्षा के लिए बनाए गए कानून व कोर्ट से बलात्कारियों को मौत की सजा दिए जाने का उल्लेख करते हुए बेटियों के संरक्षण व देवी की तरह पूजने की बात को दोहराया। इसके साथ ही उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए नशा मुक्ति का आह्वान भी किया। सभा में मौजूद लोगों को मुख्यमंत्री इसके लिए शपथ भी दिलाई।
केन-बेतवा लिंक परियोजना को बताया खुशहाली का आधार
मुख्यमंत्री ने मौनिया ड्रेस व मुकुट भी पहना और बुंदेलखंड़ी में बात करते हुए क्षेत्र के विकास की योजनाओं का जिक्र करते हुए केन बेतवा लिंक परियोजना को क्षेत्र की खुलहाली का आधार बताया। उन्होंने कहा कि लिंक परियोजना से क्षेत्र के हर घर में नल से पानी आएगी। खेतों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। इसके लिए कुछ किसानों की जमीन जाएगी। जिसके सरकार किसानों को उचित मुआवजा दिलाएगी। किसी भी किसान को घाटा नहीं होगा। दोपह 2.20 बजे से 3.30 तक कार्यक्रम स्थल रहने के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से संवाद करने के साथ ही मौनियों का सम्मान किया और उनके साथ मौनिया नृत्य भी किया।
आप नेता को पुलिस ने किया नजरबंद
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आने से पहले आप नेता को गिरफ्तार कर लिया गया है। बिजावर के आप नेता और पार्टी प्रवक्ता अमित भटनागर को पुलिस ने घर पहुंचकर गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आप नेता भटनागर ने आरोप लगाते हुए बिजावर में मुख्यमंत्री के आगमन पर समस्याओं को लेकर ज्ञापन देने की बात कही थी। जिस पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को भांपते हुए सुबह अमित के घर जाकर उन्हें हिरासत में ले लिया। वीडियो में पुलिस आप के अमित को अपनी गाड़ी में बैठा कर ले जाते हुए दिखाई दे रही है।
Updated on:
29 Oct 2022 05:50 pm
Published on:
29 Oct 2022 05:49 pm
बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
