
after 8 days of marriage newly married man suicide
mp news: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में एक दुल्हन की हाथों की मेहंदी छूटने से पहले ही उसकी मांग का सिंदूर उजड़ गया। घटना जिले के चंदला नगर के वार्ड क्रमांक-13 की है जहां रहने वाले एक नवविवाहित युवक ने शादी के मात्र 8 दिन बाद फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक अपनी पत्नी के मायके जाने से दुखी था और उसी के कारण उसने अपने बेडरूम में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। रात में जब पिता की नींद खुली तो उन्होंने बेटे को फांसी के फंदे पर लटका देखा और पुलिस को सूचना दी।
28 वर्षीय रूपेंद्र सिंह उर्फ पुल्ले पिता मुन्ना सिंह का विवाह बीते 9 मार्च 2026 को अजयगढ़ थाना क्षेत्र के झिन्ना स्थित हनुमान मंदिर में रूपाली के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ था। परिजनों ने बताया कि सोमवार 16 मार्च को रूपाली के पिता ग्राम सलईया से उसे लेने आए थे। बहू रूपाली शाम को पिता के साथ अपने मायके चली गई। पति रूपेंद्र पत्नी रूपाली को इतनी जल्दी मायके भेजने के पक्ष में नहीं था, जिसे लेकर वह मानसिक रूप से परेशान दिख रहा था। मृतक के पिता मुन्ना सिंह ने बताया कि रात करीब 11 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। रूपेंद्र शराब पीने का आदी था और रोज की तरह शोर-शराबा करते हुए अपने कमरे में गया था।
रात करीब 1:30 बजे जब पिता की नींद खुली, तो उन्होंने देखा कि रूपेंद्र के कमरे की खिड़की के शीशे टूटे हुए थे। अंदर झांकने पर रूपेंद्र फांसी के फंदे पर झूलता नजर आया। आनन-फानन में परिजनों ने दरवाजा खोलकर फंदा काटा और रूपेंद्र को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही चंदला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पत्नी के वियोग और शराब के नशे में उठाए गए कदम का लग रहा है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत की असल वजह और स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
Published on:
18 Mar 2026 10:13 pm
बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
