
Kusmeli Mandi
छिंदवाड़ा। कृषि उपज मंडी कुसमेली में एक व्यापारी का पहले से तौल किया हुआ 100 बोरी मक्का रात में गायब हो गया, रात भर व्यापारी एवं उसके मुनीम सर खपाते रहे, कि आखिर मक्का गायब कहा हुआ। बुधवार की सुबह जब नीलामी के समय व्यापारी मंडी पहुंचा तो उसकी बोरियां एक ढेर के बगल से मिली। बोरियों के उस ढेर के पास होने के कारण व्यापारी को शंका हुई कि कहीं यह मक्का उसी का तो नहीं। उसके बाद नीलामी के लिए व्यापारी उस ढेर के पास काफी देर तक खड़े रहे, जब कोई उस ढेर पर दावा करने नहीं पहुंचा तो उस मक्के का ढेर व्यापारी को मिल गया। मंडी से मक्का गायब होने एवं मिलने की यह घटना अक्सर हो रही है,यह सब मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। ऐसे ही गत साल मंडी में घटनाएं हो रही थी। परंतु फरवरी 2023 में सीसीटीवी में दर्ज होने के बाद यह घटनाएं समाप्त हुईं। एक बार फिर चोर ने मक्का पर हाथ साफ करते हुए सीसीटीवी के दायरे को भलीभांति भांप लिया था। उसके बाद ही 100 बोरी मक्के को ढेर कर दिया। जो सुबह पकड़ में आ गया।
देर रात से मिल जाता है प्रवेश
दरअसल मंडी में किसानों का प्रवेश देर रात से सुबह 10 बजे तक होता है। इस दौरान किसान अपने साथ लाए हुए मक्के का मंडी परिसर में ढेर करते हैं, करीब करीब सभी किसान रात से लेकर सुबह तक हम्मालों की सहायता से ढेर कर लेते हैं, इन्हीं सब की आड़ में व्यापारी का एक दिन पहले खरीदा हुआ मक्का भी ढेर कर लिया जाता है। ढेर करने के दौरान किसी को यह पता भी नहीं चलता कि इसे चोरी करने की नीयत से ढेर किया जा रहा है। सुबह ढेर पर नीलामी में मक्का दोबारा बिक जाता और व्यापारी को पता भी नहीं चलता कि रात में चोरी कर लिया गया मक्का उसके पास पहुंच गया। किसान बनकर आया चोर, उस मक्के का भुगतान लेकर गायब हो जाता है, जो वह कभी लाया भी नहीं होता है। 2022 में इस तरह की करीब आधा दर्जन घटनाएं हुई, जिसे तब पकड़ा जा सका, जब देर रात मक्के की बोरियों को दूसरे स्थान रखा जा रहा था।
सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी
कृषि उपज मंडी कुसमेली के परिसर एवं शेडों में सीसीटीवी से नजर रखी जाती है, लेकिन शेड क्रमांक 5 एवं गोदाम के बीच के स्थान तक सीसीटीवी की पहुंच नहीं है, इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मंगलवार की रात 100 बोरियां ढेर कर डाली। सुबह मक्का मिलने के बाद मंडी प्रबंधन एवं व्यापारी ने राहत की संास ली। इस संबंध में कृषि उपज मंडी कुसमेली के सचिव सुरेश कुमार परते ने बताया कि इन सब घटनाओं क ी रोकथाम के लिए सीसीटीवी की संख्या और बढ़ाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि 100 बोरी मक्का की कीमत वर्तमान दामों के अनुसार सवा लाख रुपए से भी अधिक होती है।
बंद कैमरे सुधारने की मांग
मंडी परिसर में किसी चोर ने व्यापारी का करीब 100 बोरी मक्का नीलामी के लिए ढेर कर दिया था, लेकिन व्यापारी की सक्रियता के चलते मक्का नीलाम होने के पहले ही पहचान लिया गया। किंतु मंडी परिसर में पर्याप्त कैमरे नहीं होने का फायदा चोरों ने उठाया, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। मंडी में कुछ कैमरे बंद भी हैं, मंडी भारसाधक अधिकारी से नए कैमरे लगाने एवं बंद कैमरे सुधारने की मांग की गई है।
प्रतीक शुक्ला, अध्यक्ष छिन्दवाड़ा अनाज व्यापारी संघ
Published on:
14 Dec 2023 12:15 pm
बड़ी खबरें
View Allछिंदवाड़ा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
