26 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सुंदर देवरे नगर में शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, आज पूर्णाहुति

तीन दिवसीय आयोजन में पहुंच रहे भक्तगण, सांसद ने भी शुक्रवार को पहुंचकर की पूजा अर्चना, शनिवार को किया जाएगा भंडारे का आयोजन,
3 min read
Google source verification
chhindwara

chhindwara

छिंदवाड़ा। सुंदर देवरे नगर में शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का तीन दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में सांसद बंटी विवेक साहू ने पहुंचकर पूजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। वार्ड नंबर 40 स्थित श्री सिद्धेश्वर मारुति महाकाल मंदिर में जन कल्याण समिति द्वारा 25 जून से 27 जून तक त्रिदिवसीय श्री शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। पार्षद नगर निगम सभापति चंद्रभान देवरे ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा एवं पूर्णाहुति के साथ भंडारे का आयोजन शनिवार को शाम 5 बजे से किया जाएगा। इस अवसर पर सांसद ने अपनी निधि से तीन लाख रुपए की प्रोफाइल शीट लगाने की घोषणा की। वार्ड के वरिष्ठ बालाजी देवरे एवं समिति ने सांसद को स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। त्रिदिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में आचार्य पंडित नंदकिशोर शास्त्री एवं पंडित विनोद शर्मा द्वारा पूजन पाठ एवं प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराया जा रहा है।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान

छिंदवाड़ा। एक पेड़माँ के नाम अभियान के तहत मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय परिसर धरम टेकड़ी में पौधरोपण किया गया। क्षेत्रीय अधिकारी एमपी तिवारी को पौधा भेंटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। स्वाभिमान जनकल्याण समिति के साथ नगर पालिका निगम छिंदवाड़ा की स्वच्छ भारत मिशन टीम ने पौधारोपण किया। स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर दीपक राज जैन, स्वच्छता चैंपियंस अलका नीरज शुक्ला, डॉ. मीरा पराडकऱ, रविन्द्र सिंह कुशवाह, डॉ महेश वंदेवार, देव पाठक, सपना सोनी, अंगूरी मस्कुले और आयशा लोधी सहित अनेक समाजसेवियों ने पौधे लगाए। दीपक राज जैन ने सभी को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। क्षेत्रीय अधिकारी तिवारी और स्टाफ ने जूट की थैली भेंट की। इस अवसर पर फलदार, छायादार और औषधीय पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संदेश दिया गया।

नशा नाश की जड़, युवा बचें, नशा निवारण दिवस पर जागरुकता

छिंदवाड़ा। समाज में बढ़ती नशाखोरी की विकृति को कम करने के उद्देश्य से स्थानीय मातृसेवा संघ द्वारा संचालित नशा मुक्ति केंद्र ने अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस मनाया। इस अवसर पर केंद्र के निर्देशक राकेश शर्मा ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक भागीदारी बढ़ाना और नशामुक्त समाज का निर्माण करना है। राज्य स्तरीय प्रशिक्षक श्यामल राव ने कहा कि नशा नाश की जड़ है, युवाओं को नशे से बचकर पोषण आहार अपनाना चाहिए, क्योंकि युवा ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने नशे को एक सामाजिक बुराई बताया जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से बीमार करती है। कार्यक्रम के उपरांत कार्यकर्ताओं ने नशे पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन किया।

अंतर राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर जनजागरूकता अभियान

छिंदवाड़ा। अंतर राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर ग्राम खापाभाट में मनसा मां बहुमुखी सामाजिक उत्थान फाउंडेशन द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। साथ ही लाड़ो योजना की जानकारी देकर बालिकाओं के कल्याण एवं उनके भविष्य से जुड़े सरकारी लाभों के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्ष निशा घई सहित प्रबंधकारिणी समिति के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सदस्य स्मृति शर्मा का विशेष सहयोग रहा।

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के आवेदन आमंत्रित

छिंदवाड़ा। उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग में आत्मनिर्भर भारत के अंतर्गत प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन (पीएमएफएमई) योजना के तहत जिला रिसोर्स पर्सन का चयन किया जाना है। जिला रिसोर्स पर्सन का कार्य प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने वाले किसानों एवं उद्यमियों को हैंड होल्डिंग सहायता उपलब्ध कराना होगा। प्रत्येक रिसोर्स पर्सन को प्रति प्रकरण बैंक ऋण स्वीकृति के आधार पर 20 हजार रुपए का भुगतान किया जाएगा। इसमें 50 प्रतिशत राशि ऋण स्वीकृति पर तथा शेष 50 प्रतिशत राशि उद्योग के जीएसटी, आधार पंजीयन, एफएसएसएआई मानकों की पूर्ति एवं इकाई स्थापित होने के उपरांत प्रदान की जाएगी।