
CM's meeting pandal uprooted in storm and rain
छिंदवाड़ा/अमरवाड़ा. नगर में बुधवार दोपहर आंधी -बारिश के साथ चने की आकार के ओले गिरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया । अहरवाड़ा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की सभा थी, लेकिन आंधी-बारिश से पंडाल उखड़ गया। मुख्यमंत्री डॉ यादव और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। उन्हें सुनने आए लोग भी लौट गए। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री का दो माह पहले भी अहरवाड़ा आने का कार्यक्रम था, लेकिन हरदा में पटाखा हादसा होने की वजह से कार्यक्रम निरस्त हो गया था। अब बुधवार को अहरवाड़ा में मुख्यमंत्री की सभा होनी थी लेकिन तेज हवा व बारिश के साथ ओले गिरने की वजह से सभा निरस्त हो गई। अब आगामी कार्यक्रम की बात कही जा रही है। बुधवार को आंधी -बारिश के साथ चने की आकार के ओले गिरने से मौसम में ठंडक घुल गई। वहीं खेत में काटकर रखी फसल भीग गई। किसानों को नुकसान हुआ है। अमरवाड़ा का बुधवार को साप्ताहिक बाजार होता है। तेज हवा के कारण बाजार में दुकान लगाने वालों को परेशानी हुई। बार-बार बिजली भी गुल होती रही।तामिया के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुमड़ी सहित आसपास के क्षेत्र में बुधवार दोपहर तेज आंधी चली और बारिश हुई। कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी खबर है। बारिश से किसानों की काटकर रखी फसल तबाह हो गई है। इसी बीच बादलों की गड्गड़ाहट के साथ ही बिजली गिरने से चार मवेशियों की मौत हो गई। पशु मालिक रमेश उर्फ सनी ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन बंजारा घटना स्थल पर पहुंचे और पीडि़त को सांत्वना दी।
Updated on:
11 Apr 2024, 5:38 PM IST
Published on:
11 Apr 2024, 5:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.