
छिंदवाड़ा. राजमाता सिंधिया गल्र्स कॉलेज में स्नातक, स्नातकोत्तर में दाखिले को लेकर कुछ संकाय में होड़ मच गई है। सीएलसी द्वितीय चरण में स्नातक एवं स्नातकोत्तर के कई संकाय में 40 प्रतिशत से अधिक सीट खाली रह गई है। वहीं स्नातक के बीएससी बायो, एमएससी बॉटनी, एमएससी जुलॉजी में लंबी वेटिंग है। यानी कई आवेदक छात्राओं को दाखिला नहीं मिल पाया। कॉलेज में बीएससी बायो पाठ्यक्रम में कुल 700 सीट है। इस पाठ्यक्रम में सीएलसी द्वितीय चरण में 222 रिक्त सीट पर 338 छात्राओं ने दाखिले के लिए आवेदन किया था। 222 छात्राओं को सीट अलॉट हो गई है। जबकि 116 छात्राएं वेटिंग लिस्ट में हैं। वहीं स्नातकोत्तर के पाठ्यक्रम एमएससी बॉटनी में 100 सीट में से 58 सीट द्वितीय चरण तक रिक्त थी। इस चरण में 86 छात्राओं ने आवेदन किए। 28 छात्राएं वेटिंग लिस्ट में हैं। इसी तरह एमएससी जुलॉजी में टोटल 110 सीट है। सीएलसी द्वितीय चरण में 52 सीट रिक्त थी। दाखिले के लिए आवेदन 122 छात्राओं ने किया। ऐसे में 70 आवेदक छात्राएं वेटिंग लिस्ट में है। सीट रिक्त न होने की वजह से अब छात्राओं को एक साल दाखिले के लिए इंतजार करना होगा।
वेटिंग लिस्ट को लेकर नहीं जारी हुए निर्देश
उच्च शिक्षा विभाग ने वेटिंग लिस्ट के विद्यार्थियों के लिए कोई निर्देश जारी नहीं किए हैं। पूर्व में जारी किए गए आदेश के अनुसार अब कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया आयोजित नहीं होगी। यानी सीएलसी द्वितीय चरण ही इस वर्ष का अंतिम चरण था। जिन विद्यार्थियों को सीट आवंटन हो चुका है उन्हें 31 जुलाई तक फीस जमा कर अपना प्रवेश सुनिश्चित करना है। असमंजस यह है कि जिन विद्यार्थियों को सीट अलॉट हुई है, उन्होंने अगर निर्धारित तिथि तक दाखिला नहीं लिया तो सीट रिक्त रह जाएगी। अगर विभाग वेटिंग लिस्ट के विद्यार्थियों को रिक्त सीट पर प्रवेश देने को लेकर निर्देश जारी कर दे तो कुछ आवेदक विद्यार्थियों को दाखिला मिल जाएगा और उनका एक साल बर्बाद नहीं होगा।
सीट वृद्धि की भी मांग
छात्र नेता रेशमा खान का कहना है कि गल्र्स कॉलेज में सभी छात्राओं को प्रवेश मिलना चाहिए। उच्च शिक्षा विभाग प्रवेश की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के साथ ही कॉलेज में सीट वृद्धि भी करे। छात्र नेता का कहना है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो हमलोग आंदोलन करेंगे।
एक्सीलेंस कॉलेज की स्थिति आज होगी स्पष्ट
एक्सीलेंस कॉलेज(पीजी कॉलेज, छिंदवाड़ा) में शनिवार को तकनीकी खामी की वजह से सीएलसी द्वितीय चरण के आवेदकों को सीट अलॉट नहीं हो पाया था। ऐसे में उन्हें सोमवार को सीट अलॉट होगा। इसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी की यहां कितने विद्यार्थी वेटिंग लिस्ट में हैं।
Published on:
29 Jul 2024 12:20 pm
बड़ी खबरें
View Allछिंदवाड़ा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
