
सिमरिया मंदिर के दीपोत्सव में आएंगे भजन सम्राट प्रभंजय
लेजर शो रहेगा आकर्षण का केंद्र
छिंदवाड़ा/ श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर सिमरिया में दीपोत्सव का आयोजन छिंदवाड़ा मंदिर ट्रस्ट करेगा। दीपोत्सव पर भजन संध्या एवं लेजर शो प्रमुख आकर्षण का केंद्र होंगे।
सिमरिया मंदिर से जुड़े हनुमान भक्त आनंद बक्षी ने बताया कि यह छिंदवाड़ा के धर्म प्रेमी समुदाय के लिए दीपोत्सव को आरम्भ करने की अनूठी पहल है। 25 एवं 26 अक्टूबर को सिमरिया मंदिर में वृहद आयोजन होगा। पहले दिन शुक्रवार को शाम छह से नौ बजे तक भजन सम्राट प्रभंजय चतुर्वेदी अपने सम्पूर्ण आर्केस्ट्रा के साथ आधुनिक भजन प्रस्तुत करेंगे।
बता दें कि प्रभंजय चतुर्वेदी प्रसिद्ध गायक अनूप जलोटा के शिष्य हैं। अपनी भजन गायन शैली से धर्म प्रेमी समुदाय के बीच पहचाने जाते हैं। यह अद्भुत भजन संध्या लेजर शो की किरणों के साथ संयुक्त रूप से प्रस्तुत की जाएगी। एशिया की सबसे विराट हनुमान प्रतिमा के सम्मुख भजन संध्या के साथ साथ धर्म प्रेमी समुदाय लेजर लाइट शो की अद्भुत प्रस्तुति का आनंद ले सकेंगे। बक्षी ने बताया कि कार्यक्रम पूर्णत: निशुल्क है एवं किसी भी प्रकार के पास की आवश्यकता नहीं है।
लेजर शो की तैयारियां शुरू
सिमरिया हनुमान मंदिर में 25 एवं 26 अक्टूबर को सीएम कमलनाथ की मौजूदगी में होने वाले म्यूजिकल लेजर शो की तैयारियां शुरू हो गई हैं। दिवाली की पूर्व संध्या पर इस शो में हनुमान जी की आरती और भजनों की धुन पर नाचती आकर्षक लाइटिंग का अद्भुत इलेक्ट्रॉनिक कला प्रदर्शन होगा। इसके लिए दिल्ली की टीम पहुंच गई है। एक लेजर शो लगभग सात मिनट का होगा। लेजर शो के अलावा यहां स्थानीय भजन मंडलियों को भी आमंत्रित किया गया है। सीएम दोनों दिन इस लेजर शो में उपस्थित रहेंगे।
11 को आएंगे नकुल
सांसद नकुल नाथ 11 नवम्बर को दो दिवसीय दौरे पर छिंदवाड़ा आएंगे। वे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। 11 नवम्बर को सीएम कमलनाथ का भी कार्यक्रम बन सकता है।
Updated on:
22 Oct 2019, 12:09 PM IST
Published on:
22 Oct 2019, 12:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.