
छिंदवाड़ा। जिला महिला कांग्रेस ने काली साड़ी पहनकर हाथों में बैनर, पोस्टर लेकर बढ़ती महंगाई एवं गैस सिलेंडर के दामों को लेकर विरोध जताया। कांग्रेस भवन के सामने सडक़ पर उतरकर प्रदर्शन किया।

इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता सडक़ की दूसरी ओर से गुजर रहे थे। दोनों पक्ष एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे और मामले ने तूल पकड़ लिया। दोनों पक्ष भिड़ गए। पुलिस ने किसी तरह से समझाइश देकर मामला शांत कराया।

भाजपा एवं कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता आमने-सामने हुए। दोनों पक्षों में तीखी झड़प और झूमा झपटी होती रही।

गाली-गलौज भी हुई और जूते-चप्पल भी फेंके गए। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष एकलव्य अहके की शर्ट भी फाड़ दी गई।

झड़प के दौरान महिला कांग्रेस की कई कार्यकर्ताओं को चोट आई।

इसके बाद दशहरा मैदान के मुख्य प्रवेश द्वार पर भी दोनों पक्ष में झड़प हुई। कांग्रेस भवन से लेकर दशहरा मैदान तक पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का कई बार प्रयास किया, लेकिन वे नहीं मानें। पुलिस भी असहाय नजर आई।

महिला कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस ने कोतवाली गेट के सामने सडक़ पर बैठकर सिलेंडर के साथ प्रदर्शन किया। महिलाओं ने गीत गाकर विरोध जताया।