
छिंदवाड़ा. बुनियादी प्रशिक्षण केंद्र (डाइट) परिसर में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बीआरसी, प्रायमरी स्कूल, उर्दू स्कूल, सीडब्ल्यूएसएन हॉस्टल, मत्स्य विभाग कार्यालय तथा बीटीआइ छात्रावास संचालित होता है लेकिन बारिश के दौरान इन स्थानों तक जाना दूभर हो जाता है। खेल मैदान से होकर इन स्थानों पर जाना होता है जहां कीचड़ मुसीबत बन जाता है। बारिश में तो बच्चे स्कूल की छुट्टी मना लेते हैं, लेकिन शासकीय कर्मचारियों को कार्यालय जाना मजबूरी है।
परिसर में छात्रावास होने के बाद भी मैदान और आसपास अंधेरा पसरा रहता है। इसका फायदा उठाते हुए असामाजिक तत्वों का डेरा इन छात्रावास व शासकीय दफ्तरों के आसपास बना रहता है। रात में कभी कभार ही पुलिस परिसर में गश्त लगाती है।
बुलानी पड़ती है पुलिस
परिसर में ही डाइट कर्मचारियों के शासकीय आवास हैं। यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि कई बार असामाजिक तत्व इतना उत्पात मचाते हैं कि पुलिस बुलानी पड़ती है, लेकिन तीन ओर से परिसर खुला होने के कारण असामाजिक तत्व भाग जाते हैं। सुबह मैदान पर शराब की बोतल देखी जा सकती है। शाम के समय पे्रमी जोड़ों को भी परिसर में देखा जा सकता है। इन्हें रोकने वाला कोई नहीं होता है।