
कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक
गणेश उत्सव पर्व का कार्यक्रम सात सितंबर से प्रारंभ होगा। 17 एवं 18 सितंबर को गणेश विसर्जन तक चलेगा। 19 सितंबर को दोपहर एक बजे से मोहन नगर के राजा, छिंदवाड़ा के महाराजा एवं लालबाग के बादशाह गणेश विसर्जन के लिए चल समारोह प्रारंभ होगा।
यह जानकारी बुधवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में अधिकारियों ने दी।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने कहा कि पुलिस और प्रशासन हर समय सेवा में तत्पर रहेगा, लेकिन उत्सव समितियों को व्यक्तिगत सुरक्षा का ध्यान रखते हुए पूर्व सूचना देकर ही चल समारोह और अन्य गतिविधियों का आयोजन करना होगा। बताया गया कि जैन समाज का पर्युषण पर्व 31 अगस्त से मनाया जा रहा है जो आठ सितंबर तक चलेगा। छह सितंबर को रात्रि में महिलाएं तीज व्रत रखा जाएगा और अगले दिन सुबह बड़ी संख्या में तीज विसर्जन किया जाएगा।
ईद मिलाद-उन-नवी पर्व पर 15 सितंबर को रात्रि 9 बजे एवं 16 सितंबर को सुबह नौ बजे से दोनों दिन मौलाना साहब लाउड स्पीकर पर ईद मिलादुन्नवी ग्राउंड पर तकरीर करेंगे। ईद मिलादुन्नवी के एक दिन पहले 15 सितंबर को शाम सात बजे बाइक रैली निकाली जाएगी। इस रैली में लगभग 50-60 बाइक शामिल रहेंगी।
बैठक में गणेश मूर्तियों की ऊंचाई सीमित रखने और पारंपरिक मिट्टी से बनी मूर्तियों का उपयोग करने पर जोर दिया गया। मूर्तियों के निर्माण में प्लास्टर ऑफ पेरिस या रासायनिक पदार्थ का उपयोग नहीं किए जाने के निर्देश दिए गए। रात दस बजे से सुबह छह बजे तक लाउडस्पीकर बजाने पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। डीजे और लाउडस्पीकर के लिए अनुमति संबंधित एसडीएम कार्यालय से प्राप्त करनी होगी।
इस वर्ष महिलाओं के अखंड सौभाग्य से जुड़ा हरितालिका तीज का व्रत 6 सितम्बर को मनाया जाएगा। इस दिन महिलाएं 24 घंटे निराहार रहकर अपने सुहाग की दीर्घायु की कामना करेंगी। इस व्रत की सामग्री बांस के टोकने, दातुन, शृंगार का सामान, फल-फूल आदि बाजार पहुंच गई है। इसे खरीदने महिलाएं 5 एवं 6 सितम्बर को बाजार पहुंचेंगी। इस दिन बाजार में धूम रहेगी। इतवारी, बुधवारी बाजार में सामग्री की दुकानें लगाए बैठी महिलाओं ने कहा कि बाजार में हरितालिका तीज में लगने वाले सामान से उन्हें इस वर्ष भी अच्छी कमाई की उम्मीद है। अभी लोग पूछ-परख कर सामान ले जा रहे हैं। गुरुवार और शुक्रवार को महिलाएं और उनके परिजन आकर इसे ले जाएंगे।
Published on:
05 Sept 2024 10:46 am
बड़ी खबरें
View Allछिंदवाड़ा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
