छिंदवाड़ा. केंद्रीय विद्यालय में संकुल स्तरीय सामजिक विज्ञान प्रदर्शनी और राष्ट्रीय एकात्मता शिविर की शुरुआत शुक्रवार को हुई दो दिन तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में सात केंद्रीय विद्यालयों के 284 विद्यार्थी विविध विषयों और आयोजनों में अपनी सहभागिता देंगे। शुक्रवार सुबह इसका शुभारंभ एडीजे दीपेश तिवारी , सीजेएम राजेश रावतकर की विशेष उपस्थिति में हुआ।
प्रदर्शनी में सिवनी, बड़कुही, मंडला, चौरई तथा छिदंवाड़ा के नं 1 की दो पालियों तथा केंद्रीय विद्यालय क्रमंाक 2 के विद्यार्थी शामिल हुए। प्रदर्शनी के अंतर्गत विविध प्रतियोगिताएं होगी। इनमें समूह नृत्य, हिंदी अंग्रेजी में वाद विवाद, प्रश्नोत्तरी, लघु नाटिका, समूह गान होगा। इसके साथ भाषा सप्ताह के अंतर्गत संस्कृत में श्लोक गायन और प्रश्नोत्तरी, हिंदी में काव्यपाठ तथा अंग्रेजी में भाषण प्रतियोगिता होगी।
इस बार प्रदर्शनी के लिए केंद्रीय विद्यालय संगठन ने देशों में स्पेन और राज्यों में उड़ीसा को थीम के रूप में चुना है। उद्घाटन समारोह का संचालक विपिन झा ने और पुष्पा नायडू ने किया। प्राचार्य विजय कुमार गर्ग के साथ स्कूल स्टाफ भी इस दौरान उपस्थित रहा।