
Welcome to Kamal Nath
छिंदवाड़ा. मप्र कांग्रेस कमेटी के 37वें अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करने के उपरांत पूर्व केंद्रीय मंत्री, जिले के सांसद कमलनाथ 8 मई को छिंदवाड़ा पहुंचेंगे। इस दौरान कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता आठ किमी की रैली निकालकर उनका स्वागत अभिनंदन करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कमलनाथ दोपहर 1 बजे विशेष वायुयान द्वारा भोपाल से प्रस्थान कर दोपहर 2 बजे स्थानीय इमलीखेड़ा हवाईपट्टी पर पहुंचेंगे। इस अवसर पर उनके ज्येष्ठ पुत्र व युवा नेता नकुल नाथ एवं प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुणाल चौधरी भी साथ होंगे। आगमन के उपरांत कांग्रेस अध्यक्ष छिंदवाड़ा सहित अन्य समीपस्थ जिलों व महाकोशल अंचल से आने वाले कांग्रेसजनों के साथ एक रैली के रूप में हवाईपट्टी से मानसरोवर कॉम्पलेक्स के लिए रवाना होंगे। इस दौरान कमलनाथ अपने समर्थकों व कांग्रेस संगठन सहित अन्य सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक व अन्य संगठनों द्वारा लगाए गए सैकड़ों स्वागत द्वार व वंदनवारों से होकर गुजरेंगे।
रैली मार्ग पर होगा अभिनंदन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में मिली नई जिम्मेदारी के बाद कमलनाथ का हर व्यक्ति, हर संगठन स्वागत करने को आतुर है। इस स्वागत व्यवस्था को सुविधाजनक बनाने के लिए जिला कांग्रेस द्वारा इमलीखेड़ा हवाई पट्टी से लेकर सभास्थल तक अनुषांगिक संगठन, विभाग एवं प्रकोष्ठ को नियत स्थान पर दायित्व सौंपे गए हैं। स्वागत रैली इमलीखेड़ा चौक, सर्रा, चंदनगांव, इनरग्राउंड, पुराना नागपुर नाका, चर्च, इएलसी चौक, राजीव भवन, दशहरा मैदान, जिला चिकित्सालय, अनगढ़ हनुमानमंदिर , फ व्वारा चौक, प्रेस कॉम्पलेक्स, इंदिरा तिराहा होते हुए सभास्थल मानसरोवर कॉम्पलेक्स पर समाप्त होगी, जहां कमलनाथ नागरिक अभिनंदन के उपरांत उपस्थित जनमानस को संबोधित करेंगे।
....
37वें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
वर्ष 1956 से वर्ष 2018 तक बनाए गए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों में कमलनाथ 37वें है। प्रथम अध्यक्ष के रूप में बाबू गोविंद दास ने 21 अपै्रल 1957 मे पदभार संभाला था। उसके बाद महंत लक्ष्मीनारायण, मोतीलाल वोरा, दिग्विजय सिंह , अर्जुन सिंह, उर्मिला सिंह, सुभाष यादव, सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया व अरूण यादव सहित अन्य दिग्गज नेताओं के नाम सम्मिलित है।
.....
महाकोशल-सतपुड़ा का मान बढ़ा
जिला कंाग्रेस अध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी ने कहा कि यह संपूर्ण महाकौशल एवं सतपुड़ा अंचल के साथ छिंदवाड़ा जिले के लिए गौरव का विषय है कि सर्वमान्य नेता कमलनाथ को राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी एवं सोनिया गांधी ने मध्यप्रदेश की कमान सौंपी है। इससे संपूर्ण प्रदेश के कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता व आमजनों में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
Published on:
08 May 2018 07:00 am

