
well collapse case Chhindwara :मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में निर्माणाधीन पुराना कुआं धंसने से कुंए के मलबे में दबे एक मजदूर परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत गई। गुरुवार को रेस्क्यू में जुटी एसडीईआरएफ की टीम ने 40 घंटे बाद पहले शव को रेस्क्यू किया तो वहीं 44वें घंटे में अन्य दो शवों को भी रेस्क्यू कर लिया गया है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रवाना कर दिया गया है।
कुल 44 घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद गुरुवार दोपहर करीब 01 बजे एसडीईआरएफ की टीम गुरुवार को मलबे में दबकर जान गवाने वाले तीनों मजदूरों के शव कुएं से बाहर निकाल लिए हैं। कुएं से बाहर निकाले गए तीनों मृतक एक ही परिवार के थे। वो मूल रूप से रायसेन जिले के थाना सुल्तानपुर के ग्राम तुलसीपार के रहने वाले थे। मृतकों में 50 वर्षीय शहजादी बी पत्नी नन्हे खां, उनका बेटा 18 वर्षीय राशिद खां साथ ही, एक अन्य रिश्तेदार 18 वर्षीय वासिद खां पिता अख्तर खां बताया गया है। बताया जा रहा है कि परिवार के ये सभी सदस्य कुआं खोदने के एक्सपर्ट थे।
गौरतलब है बीते मंगलवार को एक किसान के खेत में स्थित पुराने कुएं का गहरीकरण करते समय आसपास की मिट्टी धंसक गई थी, जिस दुर्घटना में मलबे में दबे होने सेमजदूर परिवार के 3 सदस्यों की मौत हो गई थी। करीब 44 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे में दबे तीनों मजदूरों के शव रेस्क्यू कर लिए गए हैं। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने तीनों को आदिकारिक तौर पर मृत घोषित कर दिया है।
मजदूर परिवार के तीन सदस्यों की असामयिक मौत पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सीएम सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, 'मजदूर परिवार की असामयिक मृत्यु का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। पुलिस बल, होमगार्ड और एनडीआरएफ की टीम ने तुरंत रेस्क्यू कार्य शुरू कर मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने का हरसंभव प्रयास किया, परन्तु बचाया नहीं जा सका।'
सीएम मोहन यादव ने कहा कि 'दुर्घटना में असामयिक मृत्यु के शिकार हुए मजदूर परिवार के परिजन को नियमानुसार शासन की ओर से सभी मृतकों के परिजन को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी। परम पिता परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। यही प्रार्थना करता हूं।'
Updated on:
16 Jan 2025, 1:46 PM IST
Published on:
16 Jan 2025, 1:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.