
एक बिना नंबर की जीप से कोल माफिया कोयले का अवैध परिवहन कर रहे थे।
जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र में लगातार कोयले का अवैध उत्खनन और परिवहन हो रहा है। बुधवार को एक बिना नंबर की जीप से कोल माफिया कोयले का अवैध परिवहन कर रहे थे। नायब तहसीलदार मोहित बोरकर ने वाहन का पीछा किया किंतु वाहन चालक वाहन को छोड़ जंगल की ओर भाग गए।
नायब तहसीलदार से मिली जानकारी अनुसार जीप दमुआ की ओर से उमरेठ-परासिया की ओर अवैध कोयला परिवहन करते हुए जा रहा था जिसे मार्ग पर पकडऩे का प्रयास किया किंतु चालक वाहन छोडक़र भाग गया। वाहन से 47 बोरी अवैध कोयला बरामद किया गया। वाहन को जुन्नारदेव थाना परिसर में पुलिस अभिरक्षा में खड़ा किया गया है। अज्ञात कोल माफिया के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
क्षेत्र में रेत माफिया भी सक्रिय है। वे लगातार प्रशासन की आंखों में धूल झोंक बड़े पैमाने पर नदियों का सीना छलनी कर रेत उत्खनन कर अवैध परिवहन कर रहे है और शासन प्रशासन को राजस्व का चूना लगा रहे हैं। रेत परिवहन एवं उत्खनन पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर शिलेंद्र सिंह के निर्देश पर एसडीएम कामिनी ठाकुर के मार्गदर्शन में नायब तहसीलदार मोहित बोरकर ने ट्रैक्टर और ट्रॉली को जुन्नारदेव विशाला रोड पर कट्टा नदी से रेत अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा है।
ट्रैक्टर ट्रॉली को जुन्नारदेव थाना पुलिस अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। ट्रैक्टर चालक रमेश यदुवंशी पिता संतोष 21 वर्ष निवासी उमराड़ी के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
Updated on:
6 Mar 2025, 6:26 PM IST
Published on:
6 Mar 2025, 6:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.