10 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चोरी की घटनाओं को लेकर युवक कांग्रेस का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

सीएसपी को ज्ञापन देकर कई मुद्दों को रखा शहर युवक कांग्रेस ने, चोरी की घटनाओं को लेकर जताई नाराजगी

2 min read
Google source verification
chhindwara police

chhindwara police

छिंदवाड़ा. शहर युवक कांग्रेस ने शहर में बढ़ती चोरी को लेकर शुक्रवार को सीएसपी अजय राणा को एसपी के नाम 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों का कहना था कि अपराधियों में वर्दी का खौफ खत्म हो चुका है। कोतवाली थाना परिसर के भीतर से अधिवक्ता की बाइक चोरी कर ली गई। लगातार चोरी की घटना सामने आ रही है, जिस पर पुलिस अंकुश नहीं लगा पा रही है। नगर व जिलेभर में सतत रूप से हो रही चोरियां व अन्य जघन्य अपराध हो रहे हैं। शहर युवक कांग्रेस ने चोरी का जल्द से जल्द खुलासा करने, ऑन लाइन धोखाधड़ी के मामले में पीडि़त लोगों को न्याय दिलाने, शहर के प्रत्येक क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाने, शहर के प्रमुख स्थलों के बंद पड़े सीसीटीवी तत्काल चालू कराने एवं सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, रात्रि के समय सघन जांच अभियान चलाने, जन संवाद और सूचना तंत्र, पुलिस मित्र, मोहल्ला समितियों के साथ बैठकर स्थानीय युवाओं को पुलिस मित्र के रूप में जोडऩे, नगर के भीतर रह रहे किराएदारों का सत्यापन, मातृ शक्ति की सुरक्षा को लेकर विशेष महिला पुलिस दस्ता निर्भया या शक्ति मोबाइल कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों के पास तैनात करने सहित अन्य मांग की है। इस दौरान विशेष माहोरे, जगदम्बा पटेल, विशेष पटेल, नावेद खान, अर्पित तिवारी, पवन वर्मा, देवेंद्र बनवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

तीन मरीजों को मिली आर्थिक सहायता

सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयास से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उमरानाला निवासी मोरेश्वर पिता श्रीराम चौधरी को 35 हजार एवं पांढुर्णा के ग्राम मुगवारीबडोना निवासी मिनल पिता विजय पाटिल को 20 हजार की राशि इलाज के लिए स्वीकृत की है। इन दोनों मरीजों का इलाज नागपुर के अस्पतालों में होगा। वहीं छिंदवाड़ा के ग्राम चंदनवाड़ा निवासी ब्रजमोहन पिता चोखेलाल डेहरिया को 45 हजार की राशि स्वीकृत की है। इनका इलाज छिंदवाड़ा के अस्पताल में होगा।

अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा का धरना रैली

अध्यापक शिक्षक संवर्ग के सभी संगठन एकजुट होकर अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले 11 अप्रेल को सभी ब्लाकों में धरना रैली कर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे। अध्यापक संयुक्त मोर्चा के राजेश जैन ने बताया कि छिंदवाड़ा जिले में कलेक्ट्रेट ग्राउंड में दोपहर तीन बजे से धरना दिया जाएगा। इसके पश्चात शाम पांच बजे से रैली निकालकर सांसद कार्यालय और भाजपा कार्यालय में जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें दो मांग प्रमुख रहेगी, शिक्षक पात्रता परीक्षा निरस्त करने एवं दूसरा प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा विधि की गणना कर सभी लाभ प्रदान किए जाना शामिल है।

सोमनाथ संवाद व्याख्यान माला का आयोजन

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में शुक्रवार को भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत सोमनाथ संवाद व्याख्यान माला का आयोजन किया। मुख्य वक्ता डॉ उर्मिला खरपुसे ने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के इतिहास, स्थापत्य एवं संस्कृति में उसके महत्व पर प्रकाश डाला। कहा कि सोमनाथ ज्योतिर्लिंग भारत के संस्कृति का गर्व रहा है जो अटूट आस्था और सांस्कृतिक स्वाभिमान का आधार है। जनवरी 1026 में सोमनाथ मंदिर पर हुए आक्रमण के 1000 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्मरण उत्सव मनाया जा रहा है। संचालन प्रभारी डॉ टीकमणि ने किया। इसके पूर्व अटूट आस्था और सांस्कृतिक स्वाभिमान विषय पर निबंध प्रतियोगिता एवं सोमनाथ मंदिर पर आधारित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निबंध में प्रथम स्थान नंदिनी भारद्वाज, द्वितीय मयंक विश्वकर्मा एवं तृतीय विवेक त्रिपाठी रहे। क्विज में प्रथम स्थान चंचलेश साहू, द्वितीय स्थान कविता उईके, तृतीय स्थान अनुराग राज ने प्राप्त किया। कार्यक्रम में डॉ रचना लारिया, डॉ सागर भनोत्रा, हर्षुल रघुवंशी, शैलकुमारी धुर्वे, वैष्णवी सोनी सहित अन्य मौजूद रहे।