
भाजपा सांसद के पेट्रोल पम्प पर हुई लूट का खुलासा 57 हजार नगद बरामद
चित्रकूट: भाजपा सांसद के पेट्रोल पंप पर हुई लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने 5 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया. खाकी के हत्थे चढ़े लुटेरों के पास से लूटे गए 57 हजार रुपये नगद दो तमंचा व दो बाइकें बरामद हुईं. लॉकडाउन के समय जबकि जिले के हर कोने व संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी है के बावजूद लूट की इस वारदात ने पुलिस का माथा भी घुमा दिया. चूंकि घटना सत्तासीन पार्टी के वर्तमान सांसद से सम्बंधित थी इसलिए खाकी पर वारदात के खुलासे को लेकर दबाव भी था. सो पुलिस ने पवन वेग सरीखी सक्रियता दिखाते हुए 48 घण्टे के अंदर बदमाशों को दबोचते हुए वारदात की पूरी पिक्चर क्लियर कर दी.
घटना जनपद के रैपुरा थाना क्षेत्र अन्तर्गत बोड़ी पोखरी मार्ग की है. बीती 5 मई को इस मार्ग पर स्थित भाजपा सांसद(चित्रकूट-बांदा) आरके सिंह पटेल के पेट्रोल पंप पर 5 बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था. जानकारी के मुताबिक दो बाइकों पर सवार 5 बदमाश तेल भरवाने के उद्देश्य से पेट्रोल पंप पर आए. तेल भरवाने के बाद दो बदमाश भुगतान के लिए कैश काउंटर पर गए और मैनेजर को रुपये दिए. इस दौरान जब मैनेजर ने रुपये रखने के लिए कैश बॉक्स खोला तो बदमाशों ने तमंचे की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दे दिया. चीख पुकार सुन आस पास मौजूद ग्रामीणों व पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग निकले.
चूंकि मामला सत्तासीन पार्टी के सांसद से जुड़ा था इसलिए पुलिस भी हरकत में आ गई वारदात के खुलासे को लेकर. हालांकि लॉकडाउन के समय लूट की इस बड़ी वारदात से कानून व्यवस्था पर भी प्रश्न उठे. इधर पुलिस ने तफ़्तीश करते हुए शुक्रवार को वारदात में शामिल 5 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को उनके पास से लूट के 57 हजार नगद व दो तमंचे तथा दो बाइकें बरामद हुई हैं. एसपी अंकित मित्तल ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों में से 2 का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है.
Published on:
8 May 2020, 5:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.