
Godse statue
चित्रकूट. मंगलवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर भारत समेत विश्व भर में लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। वहीं चित्रकूट में कुछ लोग उनका अपमान करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। यहां कुछ लोगों ने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रतिमा लगा दी, जिससे जिले में हड़कंप मच गया।
राष्ट्रीय सनातन दल के हैं ये लोग-
मामला चित्रकूट के सगवारा गांव का हैं जहां मंगलवार को गांधी जयंती के दिन कुछ लोगों ने नाथुराम गोडसे की प्रतिमा लगा दी है। दरअसल यह लोग राष्ट्रीय सनातन दल के हैं। करीब तीन-चार लोगों ने राजापुर तहसील अंतर्गत पहाड़ी के सगवारा गांव में मंगलवार को दिन में करीब तीन बजे पहुंचकर नाथूराम गोडसे की प्रतिमा का अनावरण कर दिया।
जिलाध्यक्ष की मौजूदगी में हुआ यह-
बताया जा रहा है कि गांव में दल के चित्रकूटधाम मण्डल के अध्यक्ष रामेंद्र चौहान की जमीन पर प्रतिमा का अनावरण संगठन के संस्थापक सदस्य व सह संयोजक बृजेश पांडेय के साथ विशिष्ट अतिथि मुकुंद सनातन ने किया। इस कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष संदीप सिंह के रहते हुए किया गया है। वहीं सूचना पर पहुंचे राजापुर एसडीएम सुभाष चन्द्र यादव पहाड़ी व राजापुर थाने की फोर्स ने मौके से सनातन दल के चारों लोगों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कुछ लोग मानते हैं देशभक्त-
आपको बता दें कि नाथूराम गोडसे को जहां देश का एक वर्ग देशभक्त मानता है, वहां एक वर्ग बापू का हत्यारा मानता है। भाजपा के सत्ता में आने के बाद हिन्दू महासभा ने गोडसे को एक देशभक्त के रूप में पेश किया था साथ ही गोडसे की प्रतिमा भी स्थापित कर डाली थी।
Published on:
2 Oct 2018, 5:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.