
हेडमास्टर ने छात्राओं से करवाई पैरों की मालिश
Chitrakoot News: चित्रकूट के एक सरकारी स्कूल से टीचर-स्टूडेंट की गरिमा को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला हेडमास्टर द्वारा क्लासरूम में छात्राओं से मालिश करवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
यह घटना चित्रकूट के 'प्राथमिक विद्यालय नया बाजार-1' की है। यहाँ तैनात हेडमास्टर मधु कुमारी राय पर आरोप है कि उन्होंने बच्चों को पढ़ाने के बजाय उनसे अपनी देह दबवाई। घटना 28 फरवरी की बताई जा रही है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि हेडमास्टर जमीन पर चटाई बिछाकर लेटी हुई हैं और कक्षा 2 की एक मासूम बच्ची उनकी पीठ पर खड़े होकर उसे पैरों से दबा रही है। इस दौरान क्लास के बाकी बच्चे शोर मचा रहे थे और पढ़ाई पूरी तरह ठप थी।
जानकारी के मुताबिक, हेडमास्टर सुबह करीब 11 बजे क्लास में पहुंचीं, जहाँ कक्षा 2 और 3 के बच्चे साथ बैठे थे। उन्होंने एक छात्रा को बुलाकर मालिश करने को कहा। जब बच्ची ने हिचकिचाते हुए कहा कि उसे मालिश करना नहीं आता, तो हेडमास्टर ने उसे निर्देश दिया कि बस पीठ पर चढ़कर चलना है। स्कूल स्टाफ के ही किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और शुक्रवार को इसे सार्वजनिक कर दिया।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में यह सब पहली बार नहीं हुआ है। हेडमास्टर अक्सर बच्चों से निजी काम और मालिश करवाती थीं। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ का यह सिलसिला काफी समय से चल रहा था, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद ही प्रशासन की नींद टूटी।
वीडियो वायरल होते ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) वीरेंद्र कुमार शर्मा ने मामले का संज्ञान लिया। शुरुआती जांच में वीडियो सही पाया गया, जिसके बाद कड़ी कार्रवाई की गई। हेडमास्टर मधु कुमारी राय को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की गहराई से जांच के लिए आदेश दिए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में गुस्सा है।
Updated on:
07 Mar 2026 11:32 am
Published on:
07 Mar 2026 10:50 am
बड़ी खबरें
View Allचित्रकूट
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
