
चित्तौड़गढ़. शंभूपुरा थानान्तर्गत बिलायती खेड़ा से शनिवार को पीहर के घर से लापता हुई महिला का शव रविवार को पानी से भरी खदान में मिला। सावा चौकी प्रभारी जगवीर सिंह ने बताया कि बिलायती खेड़ा निवासी रूबीना (25) का विवाह कच्ची बस्ती निबाहेड़ा निवासी अखलाक से हुआ था। उसके तीन साल की एक बेटी भी है।
पति से अनबन के चलते रूबीना पिछले कुछ समय से अपने पीहर बिलायती खेड़ा में ही रह रही थी। शनिवार को वह अचानक घर से लापता हो गई। पीहर पक्ष के लोगों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दी। रविवार को सुबह लोगों ने बनष्टी के पास चाइना क्ले की पानी से भरी खदान में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सावा चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और शव को निकलवाकर सांवलिया जी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। सूचना पर उपखण्ड अधिकारी बीनू देवल, शंभूपुरा थाना प्रभारी ठाकराराम आदि भी अस्पताल पहुंचे। पीहर पक्ष ने मृतका के पति पर लड़ाई - झगड़े कर परेशान करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच उपखण्ड अधिकारी चित्तौडग़ढ़ कर रही हैं।
Updated on:
17 Jun 2024, 11:38 AM IST
Published on:
17 Jun 2024, 11:24 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.