25 दिसंबर 2025,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भाजपा नहीं लगा पाई सेंध तो संदीप के सिर सभापति का सेहरा

-रावतभाटा में कांग्रेस की दीपिका पालिकाध्यक्ष निर्वाचित- निम्बाहेड़ा में शारदा का हो चुका अध्यक्ष पद पद निर्विरोध निर्वाचन-शर्मा को 36 व भाजपा प्रत्याशी सुरेश झंवर को मिले 24 मत

3 min read
Google source verification
भाजपा नहीं लगा पाई सेंध तो संदीप के सिर सभापति का सेहरा

भाजपा नहीं लगा पाई सेंध तो संदीप के सिर सभापति का सेहरा


चित्तौडग़ढ़. नगर परिषद चित्तौडग़ढ़ एवं नगरपालिका निम्बाहेड़ा व रावतभाटा के सभापति/अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस का परचम फहराया है। उप सभापति एवं उपाध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया बुधवार को पूर्र्ण होगी। निम्बाहेड़ा नगरपालिका में कांग्रेस के सुभाष शारदा पहले ही निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए थे। चित्तौडग़ढ़ नगर परिषद सभापति पद के लिए चुनाव में कांग्रेस के संदीप शर्मा ने जीत हासिल की। शर्मा को ३६ एवं भाजपा के सुरेश झंवर को २४ मत मिले। भाजपा के कांग्रेस पार्षदों में किसी तरह की सेंध नहीं लगा पाने से परिषद बोर्ड में कांग्रेस व भाजपा को उनकी संख्या बल के अनुसार ही मत मिले। मतगणना के बाद शर्मा को सभापति निर्वाचित घोषित किया गया। रावतभाटा नगरपालिका में कांग्रेस की दीपिका तिल्लानी पालिकाध्यक्ष निर्वाचित हुई। उन्हें २९ एवं भाजपा प्रत्याशी मंजूलता जंगम को १० मत मिले। चालीस सदस्यीय बोर्ड में एक मत नोटा को मिला।पालिकाध्यक्ष चुनाव में भाजपा को ११ पार्षद होने पर भी १० मत मिलने से माना जा रहा है कि उसके एक पार्षद ने नोटा को वोट दिया या कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। तीन पार्षद निर्दलीय है।
नगर परिषद सभापति के निर्वाचन को लेकर मतदान प्रक्रिया मंगलवार को सुबह शुरू हुई। सबसे पहले भाजपा के २४ पार्षद सुबह करीब साढे नौ बजे बस में नगर परिषद पहुंचे। शपथ ग्रहण करने के बाद इनमें से बीस पार्षदों ने मतदान किया। जबकि सभापति के लिए भाजपा प्रत्याशी सुरेश झंवर, पार्षद हरीश इनाणी, छोटूसिंह शेखावत व अनिल इनाणी ने बाद में मतदान किया। भाजपा नेता कमलेश पुरोहित, पूर्व सभापति सुशील शर्मा, प्रधान प्रवीणसिंह राठौड़, करनलसिंह राठौड़ व सागर सोनी आदि पार्षदों को बस में लेकर नगर परिषद पहुंचे थे।
इसके बाद दोपहर करीब बाहर बजे कारों के काफिले में कांग्रेस के ३६ पार्षद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगर परिषद पहुंचे, जिन्हें रिटर्निंग अधिकारी तेजस्वी राणा ने शपथ दिलाई। इसके बाद कांग्रेस पार्षद मतदान करने के लिए रवाना हुए,तो वहांं मौजूद भाजपा पार्षद रवाना हो गए। मतगणना के बाद घोषित परिणाम में कांग्रेस प्रत्याशी संदीप शर्मा ३६ मत व भाजपा प्रत्याशी सुरेश झंवर को २४ मत मिले। संख्या बल के अनुसार ही वोट मिलने से ये माना जा रहा है कि किसी भी पार्षद ने क्रॉस वोटिंग नहीं की। कांग्रेस पार्षदों के साथ पूर्व विधायक सुरेन्द्रसिंह जाड़ावत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मांगीलाल धाकड़, सह प्रभारी जगदीश राज श्रीमाली, शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम मूंदड़ा, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष त्रिलोकचंद जाट, युवक कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश महासचिव अभिमन्युसिंह जाड़ावत, दिनेश जायसवाल व विक्रम जाट भी नगर परिषद पहुंचे, जहां वे परिषद परिसर के बाहर खड़े रहे।


आतिशबाजी कर खुशी का इजहार
सभापति चुनाव के दौरान नगर परिषद के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक जमा हो गए। उनके संदीप शर्मा के सभापति निर्वाचन की घोषणा होते ही आतिशबाजी करते हुए खुशी का इजहार किया। परिषद कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में भीड़ जमा होने से पुलिस ने बेरिकेटिंग कर यातायात भी डायवर्ट किया।

पार्षदों पर कड़ी निगरानी
सभापति के लिए मतदान के लिए आए कांग्रेस पार्षदों पर मंगलवार को कड़ी निगरानी रही। उनको लेकर आए पार्टी के नेता मतदान के बाद पार्षदों को लेकर गए। मतदान कर जाते समय पार्षदों की गिनती भी की गई।

उप सभापति/उपाध्यक्ष का चुनाव बुधवार को
नगरीय निकाय चुनाव प्रक्रिया के अंतिम चरण में बुधवार को चित्तौैडग़ढ़ उप सभापति एवं निम्बाहेड़ा व रावतभाटा पालिकाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह १० से ११ बजे तक नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद उनकी जांच का कार्य सुबह ११.३० बजे तक होगा। इसके बाद प्रत्याशी दोपहर २ बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। जरूरत होने पर दोपहर २.३० से शाम ५ बजे तक मतदान कराने के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।

रात तक चलती रही प्रत्याशी चयन की जद्दोजहद
चित्तौडग़ढ़ नगर परिषद में उप सभापति पद के चुनाव को लेकर कांग्रेस व भाजपा में रात तक प्रत्याशी चयन की जद्दोजहद चलती रही। किसी दल ने पहले नाम घोषित नहीं किया। संख्या बल के आधार पर भाजपा की जीत मुश्किल होने के बावजूद उसके कुछ पार्षद चुनाव लडऩे के मूड में दिखे। कांग्रेस में उप सभापति पद के लिए कई दावेदार होने से आम सहमति बनाने के प्रयास चलते रहे। माना जा रहा है कि जातिगत व क्षेत्रीय समीकरण भी प्रत्याशी चयन में अहम भूमिका निभाएंगे।

जाड़ावत समर्थक दिखे उत्साहित
नगर परिषद चुनाव में मिली जीत एवं संदीप शर्मा के सभापति बनने से कांग्रेस कार्यकर्र्ता उत्साहित रहे। विशेषकर पूर्व विधायक सुरेन्द्रसिंह जाड़ावत के समर्थक माने जाने वाले कार्यकर्र्ता जोश में दिखे। ऐसे जोशीले कार्यकर्ता मंगलवार को उन्हें कंधे पर उठाकर नारेबाजी करते दिखे।

अधिकारी डाले रहे डेरा
जिला कलक्टर चेतनराम देवड़ा नगर परिषद में ही डेरा डाले रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरितासिंह के नेतृत्व में पुलिस उप अधीक्षक कमल प्रसाद मीणा, वृद्धिचंद गुर्जर, अरविन्द विश्नोई, कोतवाल सुमेरसिंह, चंदेरिया थाना प्रभारी अनिल जोशी, सदर थाना प्रभारी विक्रमसिंह, बस्सी, भूपालसागर आदि थानों के प्रभारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रखी।