
महिला और उसके दोनों बेटे (फोटो- पत्रिका)
चित्तौड़गढ़: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां काच्छिया खेड़ी गांव में एक 25 वर्षीय विवाहिता ने अपने दो मासूम बेटों की निर्मम हत्या करने के बाद स्वयं भी ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस तीहरे हत्याकांड और सुसाइड की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, काच्छिया खेड़ी निवासी अणछी पत्नी पारसमल कच्छावा मंगलवार सुबह करीब नौ बजे अपने दो पुत्रों सूरज (5 वर्ष) और मात्र दो माह के सोनू के साथ घर से निकली थी। शाम करीब साढ़े छह बजे उसने गांव के पास ही स्थित 40 फीट गहरे और पानी से लबालब भरे कुएं में अपने दोनों मासूम बेटों को फेंक दिया।
मासूमों की हत्या करने के बाद महिला ने गांव के समीप ही उदयपुर से दिल्ली सराय रोहिल्ला जा रही चेतक एक्सप्रेस के आगे छलांग लगा दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला का सिर धड़ से अलग हो गया और शरीर के अंग क्षत-विक्षत हो गए। महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना शाम करीब 6.30 बजे कपासन पुलिस को मिली। सहायक उप निरीक्षक शंकरलाल सालवी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और महिला के शव को उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। शिनाख्त के दौरान पता चला कि मृतका सुबह से अपने बच्चों के साथ लापता थी।
इसी बीच ग्रामीणों को सूचना मिली कि गांव के एक कुएं में दो बच्चों के शव तैर रहे हैं। पुलिस और ग्रामीणों (विक्रम कच्छावा व अन्य) के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने तीनों शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है, जिनका पोस्टमॉर्टम बुधवार को किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप अधीक्षक (DSP) हरजी लाल यादव और थाना अधिकारी सुनील शर्मा भी मौके पर पहुंचे। मृतका का पीहर राशमी थाना क्षेत्र के हरनाथपुरा गांव में बताया जा रहा है।
घटना स्थल: काच्छिया खेड़ी, कपासन।
मृतक: अणछी (मां), सूरज (5 वर्ष), सोनू (2 माह)।
वजह: फिलहाल अज्ञात, पुलिस जांच जारी।
आखिर एक मां ने अपने ही 'कलेजे के टुकड़ों' के साथ ऐसा घातक कदम क्यों उठाया? क्या यह पारिवारिक कलह का परिणाम था या मानसिक तनाव का? इन सभी पहलुओं पर पुलिस गहनता से तफ्तीश कर रही है।
Updated on:
11 Mar 2026 12:01 pm
Published on:
11 Mar 2026 11:31 am
बड़ी खबरें
View Allचित्तौड़गढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Rajasthan : 17 कश्मीरी छात्र जेल से रिहा, भजनलाल सरकार से मांगी 'सुरक्षा', जानें क्या है पूरा मामला?

