
वरुण भट्ट
चित्तौडगढ़़. Rajasthan Assembly Election 2023: शक्ति-मजबूती के साथ निर्माण की नींव कहे जाने वाली सीमेंट का उत्पाद केंद्र निम्बाहेड़ा आज भी अपने विकास की राह तक रहा है। क्षतिग्रस्त सडक़ें, जलभराव, बिजली की अघोषित कटौती, किसानों को खाद न मिलने जैसी समस्याओं के कारण यहां आमजन परेशान है। इसी प्रकार कभी मेवाड़ का सबसे वरिष्ठ ठिकाना रहा बड़ी सादड़ी भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है। चित्तौडगढ़़ से दूसरे दिन सुबह आठ बजे निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र की राह पकड़ी। सफर में निम्बाहेड़ा के आस-पास सीमेंट लदे ट्रक-कंटेनरों ने संकेत दे दिए कि यह सीमेंट उद्योग का बड़ा केंद्र है। शहर में प्रवेश पर बेतरतीब यातायात व्यवस्था के हालात दिखे। बाजार में चर्चा पर लोगों ने दबी जुबां में बताया जुआ-सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिन पर अंकुश जरूरी है। आगे कृषि उपज मंडी नजर आई। मजदूरों ने बताया कि जिले की सबसे बड़ी मंड़ी है, लेकिन मजदूरों को मेहनत का पूरा दाम नहीं मिल रहा है।
यह भी पढ़ें : चित्तौडगढ़ में पर्यटन व उद्योग को मिले रफ्तार, बेगूं में पानी पहुंचे किसानों के द्वार
लहसुन व्यापारी भूपेंद्र संघवी ने कहा कि कुछ वर्ष पूर्व इसे बीमार मंडी कहते थे। अब इसका चरणबद्ध विकास हो रहा है। बरसात में अनाज न भीगे, इसके लिए व्यवस्थाओं में बढ़ोतरी की आवश्यकता है। राज्य सरकार की 150 करोड़ की निम्बाहेड़ा-मंगलवाड़ फोर लेन की स्वीकृति पर स्थानीय लोग प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बोले, अब जल्द काम हो तो बात बने। स्थानीय लोगों ने निम्बाहेड़ा को जिले का दर्जा देने की बात भी उठाई। इसके बाद छोटी सादड़ी तक 25 किलोमीटर के सफर में बाड़ी ग्राम पंचायत में मनरेगा में महिला श्रमिक काम करते हुए मिली। मेट ने छह माह से मानदेय नहीं मिलने की समस्या बताई। श्रमिक बदाम बाई व नंदू बाई कहने लगी काम तो पूरा करते है, लेकिन मेहनत के मुताबिक दाम नहीं मिलता। यहां से छोटी सादड़ी पहुंचा। ये कस्बा प्रतापगढ़ जिले में आता है एवं विधानसभा क्षेत्र चित्तौडगढ़़ जिले का निम्बाहेड़ा है। ऐसे में 34 ग्राम पंचायतों में दोहरी स्थितियां है। एक दुकान पर सुरेश शर्मा व मुकेश शर्मा मिले, वे बोले, उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ ही सिंचाई के लिए पानी की व्यवस्था को प्राथमिकता देनी चाहिए।
यह भी पढ़ें : Rajasthan Assembly Election: अवैध खनन-अपराध बढ़े...बांदीकुई को बांट रेलवे फाटक
दोपहर बाद भंवरमाता मंदिर में दर्शन के बाद पहाडिय़ों के बीच से गणेशपुरा होते हुए भीतरी रास्तों से बड़ी सादड़ी विधानसभा क्षेत्र में पहुंचा। बोरखेड़ा में एक दुकान के बाहर चर्चा में मशगूल रूपलाल, खेमराज, मोहन, भगवानलाल आदि ने बताया कि सडक़, पानी, बिजली एवं यातायात के साधनों की कमी जैसी समस्याओं से परेशान होना पड़ रहा है। यहां रोजगार की उपलब्धता नहीं है। वोट लेने के बाद नेता लौटकर नहीं आए। यहां से आगे स्वामीभक्त वीर झाला मन्ना की नगरी बड़ी सादड़ी में किसान अशोक गिरी गोस्वामी कहने लगे कि सिंचाई के पानी की समस्या है। चार बीघा का खेत है, लेकिन गुजर-बसर के लिए अन्य काम करना पड़ रहा है। युवा विशाल मेनारिया कहने लगे, रोजगार के लिए यहां के लोग गुजरात, महाराष्ट्र व अन्य क्षेत्रों में पलायन करते हैं। युवा सुरेश एवं मनोज ने रेलवे विस्तार को लेकर बड़ीसादड़ी से नीमच कनेक्टिविटी की मांग रखी।
कस्बे के बाजार में कई समस्याओं से दो-चार होते हुए पहाड़ी पर 2018 में बने वीर झाला मन्ना के पैनोरमा स्थल तक पहुंचा। यहां सन्नाटा पसरा था। लोगों की पर्याप्त पहुंच नजर नहीं आई। यहां पांच से 50 रुपए तक की अलग-अलग टिकट व्यवस्था भी है। युवा भंवरलाल ने बताया कि सुविधाओं के अभाव में यहां पूरे दिन में आठ से दस लोग आते हैं। हालांकि, अवकाश पर संख्या बढ़ती है।
चुनावों से जुड़ी अन्य खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
Published on:
05 Jul 2023 08:43 am
बड़ी खबरें
View Allचित्तौड़गढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
