
आज छत्तीसगढ़ आएंगी प्रियंका गांधी
भुवनेश पंड्या/वरुण भट्ट/नितिन भाल
Rajasthan Assembly Election 2023 : प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर केन्द्रीय नेताओं के तूफानी दौरे शुरू हो गए हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को डूंगरपुर और चित्तौड़गढ़ जिले के दौरे पर रही और क्षेत्र की करीब 16 विधानसभा सीटों को साधने का प्रयास किया। उन्होंने भाजपा पर चुनाव के दौरान धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाया। वहीं भाजपा के पास प्रदेश में सीएम का चेहरा नहीं होने की बात दोहराई। पिछले दौरे में भी इसी मुद्दे को उठाया था। वे पानी और पेट्रोल-डीजल पर वैट में कमी को लेकर कुछ नहीं बोली, लेकिन राज्य सरकार के काम की पड़ोसी मध्य प्रदेश सरकार के काम से तुलना कर राजस्थान सरकार की तारीफ की। उन्होंने लोगों से वोट मांगने नहीं, जागरूकता मांगने की बात कहते हुए भाजपा के झांसे में नहीं आने की अपील की। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी मौजूद थे।
प्रियंका ने सागवाड़ा में भाषण की शुरुआत वागड़ी बोली में करते हुए कहा कि वागड़ नी कोना कोना थी पधारी मारे भाई बहनों ने राम—राम। चौथ ना लाडूवा खाया। मूं भाई दूज मनावा आवी हूं मेरियू मेरियू से किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा बिखरी हुई पार्टी है। प्रधानमंत्री के पास सीएम का चेहरा नहीं है, इसलिए प्रदेश के कोने—कोने में घूमकर सीएम का चेहरा ढूंढ़ रहे हैं। उन्हें अपने नेताओं पर ही विश्वास नहीं है। प्रदेश के बड़े नेताओं का साइडलाइन कर अपने नाम पर वोट मांग रहे हैं। क्या प्रदेश मोदी चलाने आएंगे। राहुल की तरह प्रियंका ने भी अडानी पर हमला बोला और कहा देश का किसान एक दिन में 27 रुपए कमाता है, लेकिन मोदी ने अपने दोस्त अड़ानी को देश की सारी संपत्ति दे रखी है, वे एक दिन में 16 हज़ार करोड़ रुपए कमा रहे हैं।
धर्म की राजनीति से रहें सावधान
आज धर्म के नाम पर की जा रही राजनीति से सावचेत रहने की जरूरत है। गायत्री मंत्र का उच्चारण कर कहा ये मंत्र उन्हें दादी इंदिरा गांधी ने सिखाया था। दादी कहती थी कि इस भूमि की संस्कृति यही है सभी धर्मों का आदर होना चाहिए। आज धर्म, जाति के आधार पर पार्टियां बनाकर राजनीति की जा रही है। देश का प्रत्येक व्यक्ति धार्मिक है। जब चुनाव आते है तब भाजपा धर्म की राजनीति करती है। अब समय आ गया है कि जज्बात, धर्म का इस्तेमाल हो रहा है तो सावधान होना होगा। इससे पहले सागवाड़ा में गायत्री माता, पार्थेश्वर महादेव एवं हनुमान मंदिर में दर्शन भी किए और श्रीफल होम किया।
सरकार बदलने की अब बदलेगी परंपरा
चित्तौडग़ढ़ की सभा में प्रियंका ने कहा कि राजस्थान में इस बार सरकार बदलने की परम्परा बदलेगी। राज्य की सरकार के कामों की बदोलत यहां फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी। महंगाई को लेकर कहा कि भाजपा शासित राज्यों में सिर्फ चुनाव के वक्त महंगाई कम होती है। राजस्थान में महंगाई राहत कैम्प लगाए और राज्य सरकार ने केन्द्र की आफत से लोगों को बचाए रखा। अब लोग विकास की राजनीति चाहते हैं। अर्जुन और मछली की आंख का उदाहरण देकर कहा कि लोग भी अपना ध्यान विकास, शिक्षा, रोजगार जैसे मुद्दों पर केन्द्रित रखें। कांग्रेस और भाजपा सरकारों के कामकाज की तुलना के बाद निर्णय करें।
दो सभा, 16 सीटों पर फोकस: गांधी ने दो जिलों में सभाएं कर करीब 16 विधानसभा सीटों को साधने का प्रयास किया। डूंगपुर के सागवाड़ा क्षेत्र में 11 विधानसभा सीटों तथा चित्तौड़गढ़ की सभी से करीब 5 सीटों को साधा।
इन मुद्दों को नहीं छुआ: प्रियंका ने अपने भाषण में ईआरसीपी, रिफाइनरी, हर घर नल से पानी, पेट्रोल-डीजल पर वैट में कमी और कृषि जिंसों का लाभकारी मूल्य जैसे मुद्दों को नहीं छुआ।
चित्तौड़गढ़ में 28 मिनट बोली
- 7 मिनट गहलोत सरकार की योजनाओं पर बोली
- 5 मिनट - धर्म की राजनीति से दूर रहने पर बोली
- 5 मिनट - राजस्थान और भाजपा शासित राज्यों की तुलना
- 3 मिनट - प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा
— 3 मिनट — कोरोना, जीएसटी, नोटबंदी और नई संसद
— 2 मिनट — महंगाई पर चिन्ता जताई
— 2 मिनट — महात्मा गांधी और पं. जवाहरलाल नेहरू को किया याद
- 1 मिनट उद्योगपति अड़ानी पर तंज
सागवाड़ा में प्रियंका के भाषण के 29 मिनट
9 मिनट : आजादी, लोकतंत्र , राजनीति-धर्म, जाति
7 मिनट : किसानों की कर्जमाफी, महंगाई, रोजगार
4 मिनट : राज्य सरकार की योजनाओं पर
4 मिनट : प्रधानमंत्री, अडानी, भाजपा
3 मिनट : जल, जमीन, जंगल, संस्कृति
2 मिनट : वागड़ी बोली व स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों पर
मोदी लगा रहे झूठे आरोप - गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी झूठे आरोप लगाते हैं। सोनिया गांधी व मनमोहन सिंह ने चार कानून पास किए थे। अब केंद्र सरकार को चाहिए कि देश में पांचवां कानून राइट टू सोशल सिक्योरिटी बने। वे अपने आप को धार्मिक कहते है, लेकिन लंपी रोग आया तो गायों की सेवा नहीं की।
Published on:
18 Nov 2023 07:59 am
बड़ी खबरें
View Allचित्तौड़गढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
